रायपुर. लोकजागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित वसुंधरा सम्मान के 26वें संस्करण की तैयारियां शुरू हो गई हैं. इस वर्ष सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए निर्णायक समिति का गठन कर दिया गया है. आयोजन समिति के अनुसार समिति की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार विश्वेश ठाकरे करेंगे.

निर्णायक समिति में प्रसार भारती के पूर्व निदेशक लीलाधर मंडलोई (नई दिल्ली), वरिष्ठ कथाकार सतीश जायसवाल (बिलासपुर), आलोचक डॉ. वीरेंद्र मोहन (सागर), वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक ई. वी. मुरली (रायपुर), कथाकार श्रद्धा थवाईत (रायपुर), वसुंधरा सम्मान के संयोजक विनोद मिश्र, आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव और ‘कृति वसुंधरा’ की संपादक एवं आयोजन समिति की सचिव श्वेता उपाध्याय सदस्य के रूप में शामिल हैं.

आयोजन समिति ने बताया कि निर्णायक समिति की बैठक में प्राप्त प्रस्तावों और नामांकनों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा. इसके बाद 1 अगस्त 2026 को इस वर्ष के वसुंधरा सम्मान के लिए चयनित व्यक्तित्व के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी.

गौरतलब है कि लोकजागरण, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वसुंधरा सम्मान की परंपरा पिछले 26 वर्षों से निरंतर जारी है. यह सम्मान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रचनात्मक व्यक्तित्वों को समर्पित माना जाता है.

इस वर्ष 26वां वसुंधरा सम्मान समारोह 14 अगस्त 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर सभागार, भिलाई में आयोजित किया जाएगा. समारोह में चयनित व्यक्तित्व को सम्मानित किया जाएगा तथा साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे.

आयोजन समिति की सचिव श्वेता उपाध्याय ने बताया कि सम्मान की चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, पत्रकारों और विशेषज्ञों को निर्णायक समिति में शामिल किया गया है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H