यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए DMRC ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत राजधानी के 12 मेट्रो स्टेशनों पर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सेल्फ सर्विस मोबाइल टिकटिंग कियोस्क लगाए गए हैं। इन कियोस्क की मदद से यात्री अब खुद ही कागज रहित डिजिटल क्यूआर कोड टिकट प्राप्त कर सकेंगे। टिकट सीधे यात्रियों के WhatsApp नंबर पर भेजा जाएगा, जिससे उन्हें काउंटर से पेपर टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी। DMRC के मुताबिक, इस सुविधा से टिकट खरीदने की प्रक्रिया और आसान होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा। साथ ही पेपर टिकट के इस्तेमाल में कमी आने से यह पहल पर्यावरण के लिहाज से भी फायदेमंद साबित होगी।

मेट्रो में सफर के लिए यात्री स्मार्ट कार्ड और National Common Mobility Card (NCMC) का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल क्यूआर कोड टिकट की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे यात्री मोबाइल के जरिए टिकट खरीद सकते हैं। यात्री DMRC Saarthi ऐप, DMRC के व्हाट्सऐप चैटबॉट (09650855800), One Delhi और IRCTC समेत अन्य ऐप के माध्यम से भी डिजिटल क्यूआर कोड टिकट प्राप्त कर सकते हैं। अब 12 मेट्रो स्टेशनों पर लगाए गए सेल्फ सर्विस मोबाइल टिकटिंग कियोस्क इस डिजिटल व्यवस्था को और आसान बनाने की दिशा में एक कदम हैं। इसके जरिए यात्री खुद टिकट जनरेट कर उसे सीधे अपने व्हाट्सऐप नंबर पर प्राप्त कर सकेंगे।

क्यों उठाया गया सेल्फ सर्विस टिकटिंग कियोस्क का कदम?

DMRC के मुताबिक, रोजाना विभिन्न मेट्रो स्टेशनों से हजारों यात्री पेपर QR कोड टिकट लेकर सफर करते हैं। इससे स्टेशनों पर कागज के टिकटों का कचरा बढ़ता है और स्वच्छता बनाए रखने में भी परेशानी आती है। इसके अलावा टिकट काउंटरों पर यात्रियों की कतार लगने से भीड़ और समय दोनों की समस्या होती है। नई व्यवस्था के तहत यात्री खुद कियोस्क से डिजिटल QR कोड टिकट प्राप्त कर सकेंगे, जो सीधे उनके व्हाट्सऐप नंबर पर भेजा जाएगा। DMRC का उद्देश्य टिकट प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और आसान बनाना है, ताकि यात्रियों को लाइन में लगने से राहत मिले और मेट्रो स्टेशनों पर कागज के इस्तेमाल को भी कम किया जा सके।

इन मेट्रो स्टेशनों पर लगाए गए कियोस्क

मंडी हाउस ,बाराखंभा रोड ,ITO, सर एम. विश्वेश्वरैया मोती बाग ,भीकाजी कामा प्लेस ,IIT दिल्ली ,एयरपोर्ट टर्मिनल-1 ,नई दिल्ली ,शिवाजी स्टेडियम ,एयरोसिटी ,एयरपोर्ट टर्मिनल-3 ,द्वारका सेक्टर-21

ऐसे बुक कर सकेंगे डिजिटल QR टिकट

सेल्फ सर्विस मोबाइल टिकटिंग कियोस्क पर यात्री को टिकट लेने के लिए आसान प्रक्रिया अपनानी होगी। कियोस्क में प्रस्थान स्टेशन (Origin Station) पहले से दर्ज होगा। यात्री को केवल अपने गंतव्य स्टेशन (Destination Station) का चयन करना होगा। इसके बाद यात्री को टिकटों की संख्या और अपना व्हाट्सऐप मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिजिटल क्यूआर कोड टिकट सीधे यात्री के व्हाट्सऐप नंबर पर भेज दिया जाएगा।

400 किलोमीटर से ज्यादा फैला दिल्ली मेट्रो नेटवर्क

दिल्ली मेट्रो लगातार अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है। वर्तमान में DMRC का नेटवर्क दिल्ली के साथ-साथ आसपास के NCR के कई शहरों तक पहुंच चुका है। मौजूदा समय में दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क करीब 416 किलोमीटर तक फैला हुआ है। 12 अलग-अलग लाइनों पर 300 से अधिक मेट्रो स्टेशन यात्रियों को सेवाएं दे रहे हैं। दिल्ली मेट्रो की ट्रेनें नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और बहादुरगढ़ सिटी तक संचालित हो रही हैं। राजधानी में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार लगातार जारी है। इसके तहत कई नए कॉरिडोर और नए स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में और अधिक इलाकों को मेट्रो कनेक्टिविटी मिल सकेगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए DMRC अपनी सेवाओं, तकनीक और सुविधाओं को भी लगातार अपग्रेड कर रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m