Business Desk – Senco Gold Share Price : ज्वेलरी कंपनी Senco Gold ने मार्च तिमाही के लिए शानदार नतीजे पेश किए. हालांकि, इसके बावजूद निवेशकों ने स्टॉक की बिकवाली की. बुधवार को कंपनी के शेयर NSE पर 3% से ज्यादा गिर गए. दिन के निचले स्तर 338 रुपए पर पहुंच गए.

दिलचस्प बात यह है कि कंपनी का शुद्ध लाभ साल-दर-साल 151% बढ़कर 157 करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 62.4 करोड़ था. इतने मजबूत नतीजों के बावजूद स्टॉक की कीमत में गिरावट ने बाजार का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.

मार्च तिमाही में कंपनी के ऑपरेशन से होने वाला राजस्व भी 45% बढ़कर 1,996.7 करोड़ हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 1,377.7 करोड़ था. इस बीच, EBITDA मार्जिन 9.2% से बढ़कर 13.7% हो गया. कंपनी के अनुसार, सोने, चांदी और प्लैटिनम की बढ़ती कीमतों से मार्जिन को मजबूती मिली.

शादी और गिफ्टिंग सीजन से बिक्री को बढ़ावा

Senco Gold ने चौथी तिमाही में अपनी अब तक की सबसे ज्यादा खुदरा बिक्री दर्ज की. कंपनी की चौथी तिमाही की खुदरा बिक्री 1,731 करोड़ रही, जो साल-दर-साल 35% की वृद्धि दर्शाती है. कंपनी ने बताया कि बिक्री को शादी के सीजन जो पूरी तिमाही तक चला. वैलेंटाइन डे के दौरान गिफ़्टिंग की मजबूत मांग और उसके “Old Gold Exchange Program” से काफ़ी मदद मिली. गौरतलब है कि Old Gold Exchange Program ने चौथी तिमाही के राजस्व में लगभग 50% का योगदान दिया, जिससे ग्राहक सोने की ऊंची कीमतों के बावजूद नए ज्वेलरी उत्पाद खरीद पाए.

सोने की रिकॉर्ड कीमतों का असर

हालाँकि कंपनी की कमाई मजबूत रही, लेकिन सोने की रिकॉर्ड ऊंची कीमतों का असर बिक्री की मात्रा पर पड़ा. सोने की औसत कीमत साल-दर-साल 79% और तिमाही-दर-तिमाही 20% बढ़कर 1,69,403 प्रति 10 ग्राम हो गई. नतीजतन, वित्त वर्ष 26 में सोने की बिक्री की मात्रा में लगभग 6% की गिरावट आई. इसके विपरीत, चांदी की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखा गया. चांदी की बिक्री की मात्रा लगभग 35% बढ़ गई. इस बीच, हीरे की ज्वेलरी की बिक्री की मात्रा में भी लगभग 9% की वृद्धि दर्ज की गई.

हल्के और कम कैरेट वाले गहनों की बढ़ती मांग

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO, शुभंकर सेन ने बताया कि सोने की कीमतों में भारी उछाल के बावजूद ग्राहकों की मांग मजबूत बनी रही. उन्होंने कहा कि ग्राहक अब धीरे-धीरे हल्के और कम कैरेट वाले गहनों की ओर रुख कर रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी ने राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे नए बाजारों में अपना विस्तार किया है. इसके अलावा, कंपनी बंगाल और पूर्वी भारत को भविष्य के विकास के लिए प्रमुख केंद्र मानती है.

नेटवर्क का तेजी से विस्तार

Senco Gold के शोरूम नेटवर्क का भी तेज़ी से विस्तार हुआ है. कंपनी के अब कुल 201 आउटलेट हैं, जिनमें कंपनी के अपने स्टोर, फ्रेंचाइजी आउटलेट और दुबई में स्थित स्टोर शामिल हैं. इस वित्त वर्ष के दौरान, कंपनी ने 26 नए शोरूम खोले, जिनमें से अकेले चौथी तिमाही में 7 नए आउटलेट शुरू किए गए.

हालांकि आज शेयर में गिरावट देखने को मिली, लेकिन पिछले एक महीने में Senco Gold के शेयरों में लगभग 8% की बढ़ोतरी हुई है. पिछले छह महीनों में, शेयर में लगभग 12% का लाभ दर्ज किया गया है.