Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के वरिष्ठ राजनीतिज्ञ और बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख नेता तथा पूर्व मंत्री सुशांत सिंह का सोमवार सुबह निधन हो गया। 53 वर्षीय सुशांत सिंह लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और भुवनेश्वर स्थित अपोलो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। अस्पताल में इलाज के दौरान स्वास्थ्य स्थिति अधिक बिगड़ने के कारण डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका।

भटली से तीन बार रहे विधायक

सुशांत सिंह पश्चिमी ओडिशा के एक प्रभावशाली और मजबूत संगठनकर्ता नेता के रूप में जाने जाते थे। वे बरगढ़ जिले की भटली विधानसभा सीट से लगातार तीन बार (2009, 2014 और 2019) विधायक निर्वाचित हुए थे। अपने राजनीतिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने ओडिशा सरकार में श्रम एवं रोजगार और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। अपने क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए वे हमेशा जनता के बीच लोकप्रिय रहे।

दिग्गज नेताओं ने जताया गहरा शोक

सुशांत सिंह के निधन की खबर मिलते ही राज्य के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा-

“वरिष्ठ नेता और ओडिशा सरकार के पूर्व मंत्री सुशांत सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं महाप्रभु श्री जगन्नाथ के चरणों में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ॐ शांति।”

पूर्व मुख्यमंत्री व विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने कहा-

“पूर्व मंत्री और बीजू जनता दल के वरिष्ठ सदस्य सुशांत सिंह के निधन से गहरा दुख पहुंचा है। उनके जाने से दल ने एक कुशल संगठनकर्ता और लोकप्रिय जननेता को खो दिया है। बीजद को मजबूत करने तथा जनसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”

गृह क्षेत्र में संपन्न होगा अंतिम संस्कार

उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए बीजेडी कार्यालय और विधानसभा ले जाया जाएगा, जिसके बाद उनके गृह क्षेत्र में अंतिम संस्कार संपन्न किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m