Bihar Crime: बिहार के बेतिया में नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना लौरिया थाना क्षेत्र के धोबनी पंचायात स्थित सुगौली अंबेडकर नगर गांव की है। मृतका की पहचान मधु देवी (22) के रूप में हुई है। घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतका 4 महीने की गर्भवती थी।
दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित
मृतका मधु देवी के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार करीब 6 महीने पहले मधु की शादी स्थानीय धर्मेंद्र साह के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के समय उन्होंने अपनी क्षमता अनुसार बाइक, जेवर और नगद पैसे दिए थे। लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से एक और बाइक की मांग को लेकर मधु को प्रताड़ित किए जाने लगा।
घटना से पहले थाने पहुंची थी मधु
मधु की मां ललिता देवी ने बताया कि, फोन पर बातचीत के दौरान अक्सर उनकी बेटी ससुराल में उसके साथ हो रहे परेशानियों को बताता थी। उन्होंने दूसरी बाइक नहीं देने पर मधु के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि बीते रविवार को मधु प्रताड़ना से तंग आकर लौरिया थाने भी पहुंची थी और पुलिस को अपनी समस्याएं भी सुनाई। लेकिन बाद में ससुराल पक्ष के लोग उसे समझा-बुझाकर घर लेकर चले आए।
परिजनों को हत्या की आशंका
परिजनों के मुताबिक रविवार की ही शाम 7 बजे के करीब मधु के पति ने हम लोगों को फोन कर बताया कि मधु ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आरोप है कि जब वह लोग वहां पहुंचे तो मधु का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था। उनके मुताबिक घटना के समय घर के अधिकांश लोग वहां पर मौजूद नहीं थे, जिससे उन्हें मामला संदिग्ध लग रहा है।
छानबीन में जुटी पुलिस
उधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजा। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, जो जांच में काफी अहम साबित हो सकते हैं।
मुंबई से गांव लौटा था पति
मृतका का पति मुंबई में रहकर वहां पर वाहन चलाने का काम करता है। 6 दिन पहले ही वह गांव लौटा है और मधु की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है, जिसे लेकर गांव में लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं, मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के संबंध में लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि, जिस कमरे में शव मिला था, वह अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
ये भी पढ़ें- कुर्सी का रौब या फिर कुछ और…महिला दरोगा चंद्र प्रभा पर घर में घूसकर गर्भवती महिला को पिटने का आरोप

