गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम से आज एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक ई-मेल के जरिए शहर के बड़े सरकारी दफ्तरों, अदालतों और नामचीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इस ई-मेल के सामने आते ही पूरे शहर में अचानक हड़कंप मच गया. ई-मेल में गुरुग्राम की जगहों के साथ-साथ दिल्ली स्थित संसद भवन को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
दफ्तर और कोर्ट कराए गए खाली
धमकी की खबर मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और विशेष जांच टीम तुरंत हरकत में आ गई. सबसे पहले एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर और जिला सचिवालय को तुरंत खाली कराया गया. वहां मौजूद सभी अधिकारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके साथ ही शहर के सभी प्रमुख स्कूलों को भी सतर्क कर दिया गया है. बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में विशेष इंतजाम किए गए हैं.
चप्पे-चप्पे पर तलाशी अभियान जारी
सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई हैं. सभी इमारतों के एक-एक कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है. सुरक्षा दस्ता हर संदिग्ध चीज की जांच कर रहा है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह धमकी भरा संदेश कहां से और किस व्यक्ति ने भेजा है. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है. संदेश भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


