गाली-गलौज के बाद मारपीट और फायरिंग, घटनास्थल से पुलिस ने बरामद किया गोली का खोखा
धनबाद। गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के धारियाजोबा बस्ती के पास शनिवार को आपसी विवाद के दौरान गोली चलने से पिंटू पासवान नामक युवक घायल हो गया। पिंटू ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान भवानी सिंह ने उस पर गोली चलाई, जो उसकी जांघ में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पहले गाली-गलौज, फिर मारपीट और फायरिंग
बताया गया कि पिंटू पासवान और भवानी सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। दोनों के बीच बहस और गाली-गलौज के बाद मारपीट होने लगी। इसी दौरान गोली चल गई और पिंटू घायल होकर गिर पड़ा।
खुद पहुंचा गोंदूडीह ओपी
घायल पिंटू किसी तरह गोंदूडीह ओपी पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।
मौके से मिला गोली का खोखा
घटना की सूचना पर ओपी प्रभारी लव कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और आसपास के लोगों तथा परिजनों से पूछताछ की। छानबीन के दौरान एक गोली का खोखा बरामद हुआ है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपी भवानी सिंह घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।पुलिस विवाद की वास्तविक वजह और गोली चलने की पूरी घटना की जांच कर रही है।


