फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के डबुआ थाना क्षेत्र के गाजीपुर इलाके में बीती रात एक राख पैकिंग गोदाम में सो रहे युवक की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। आधी रात को हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 31 साल के योगेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया है।
देर रात ही बिहार से लौटा था योगेश, मजदूरों के साथ सोया था
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक योगेश कुमार मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और यहाँ गाजीपुर स्थित गोदाम में ठेकेदारी का काम संभालता था। वह गुरुवार की देर रात करीब 11 बजे ही बिहार से कुछ नए मजदूरों को लेकर फरीदाबाद लौटा था।
गोदाम पहुंचने के बाद योगेश ने सभी मजदूरों के साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद रात करीब 1 बजे सभी लोग गोदाम परिसर में अलग-अलग जगहों पर सोने चले गए। योगेश परिसर के भीतर ही एक खाट पर सो रहा था।
रात में आई पटाखा फूटने की आवाज, सुबह खून से लथपथ मिली लाश
शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच किसी अज्ञात हमलावर ने गोदाम में घुसकर सोते हुए योगेश के सिर में बेहद करीब से गोली मार दी। गोली लगते ही योगेश की मौके पर ही मौत हो गई।
गोदाम में सो रहे अन्य मजदूरों ने पुलिस को बताया कि रात के वक्त उन्हें पटाखा चलने जैसी एक आवाज सुनाई दी थी। लेकिन शादी-ब्याह का सीजन होने के कारण किसी ने उस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया और सब सोते रहे। सुबह जब मजदूर जगे, तो उन्होंने योगेश को खाट पर खून से लथपथ देखा। इसके बाद तुरंत डबुआ थाने को सूचना दी गई।
25 मजदूरों से पूछताछ, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डबुआ थाना प्रभारी (SHO) संगम दहिया अपनी टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
थाना प्रभारी संगम दहिया ने बताया कि गोदाम में करीब 15 से 25 मजदूर रहते हैं, जिनसे पुलिस बारी-बारी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आधी रात को गोदाम के अंदर किसने एंट्री की थी और इस हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश तो नहीं है। गोदाम और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV Footage) कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।

