वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के चंडी थाना क्षेत्र में चार दिनों से लापता 20 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। युवक का शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला। शव की हालत बेहद खराब थी और एक हाथ क्षतिग्रस्त मिला। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि शव काफी डीकंपोज हो चुका है और मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। मामले की जांच के लिए FSL टीम को भी बुलाया गया।
13 अगस्त से लापता था रोहित कुमार
नालंदा जिला अंतर्गत चंडी थाना क्षेत्र के चंडी डीह गांव में 13 अगस्त से लापता चल रहे 20 वर्षीय युवक रोहित कुमार का शव सोमवार की रात झाड़ियों से बरामद किया गया। शव गांव में बापू हाई स्कूल के पीछे पईन के पास, उसके घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर मिला। मृतक की पहचान रोहित कुमार, उम्र 20 वर्ष, पिता महेश चौधरी, निवासी चंडी डीहपर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित गांव-गांव घूमकर कबाड़ खरीदने और बेचने का काम करता था।
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
परिजनों ने बताया कि रोहित 13 अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। जब काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने चंडी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
चार दिन बाद सोमवार रात गांव के लोगों ने झाड़ियों के पास शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और कपड़ों तथा शरीर पर मौजूद पहचान के निशानों के आधार पर शव की पहचान रोहित के रूप में की।
परिवार ने जताई हत्या की आशंका
शव काफी खराब स्थिति में था। परिजनों ने दावा किया कि मृतक का एक हाथ क्षतिग्रस्त था और शरीर के कुछ हिस्सों में भी गंभीर चोट अथवा नुकसान के निशान दिखाई दे रहे थे। इसी आधार पर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मृतक के बड़े भाई राजकिशोर चौधरी ने आरोप लगाया कि रोहित की हत्या करने के बाद शव को सुनसान झाड़ियों में छिपाया गया होगा। परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से भी न्याय की गुहार लगाई है।
शव पूरी तरह से डीकंपोज, जानवरों के नोचने की आशंका
घटना की सूचना मिलने के बाद चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को भी बुलाया।
चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि शव पूरी तरह डीकंपोज हो चुका है। उन्होंने कहा कि मृतक के दाहिने हाथ का हिस्सा संभवतः किसी जंगली जानवर द्वारा नोचे जाने की आशंका है। पुलिस के अनुसार युवक नशे का आदी था और प्रथम दृष्टया ओवरडोज की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 कांवरियों की मौत, एक दर्जन से अधिक लोग घायल


