Bihar Crime: राजधानी पटना के बिहटा में आज शुक्रवार की सुबह राघोपुर के पूर्व मुखिया संजय यादव का शव संदिग्ध हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पूर्व मुखिया का शव राघोपुर गांव के तरवां स्थित एक खेत में मिला। घटना की जानकारी मिलेत ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची बिहटा थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
घटनास्थल पर जुटी भारी भीड़
दरअसल घटना की जानकारी उस समय हुई, जब आज सुबह कुछ लोग खेत की ओर गए। इस दौरान उनकी नजर बोरिंग के पास पड़े एक शव पर पड़ी, जिसकी पहचान राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजय यादव के रूप में हुई। उन्होंने इसकी सूचना गांव के लोगों और परिजनों की दी। संजय यादव के मौत की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर परिवार, ग्रामीण और उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
शुरुआती जांच में पुलिस को मृतक के शरीर पर चोट के कोई भी निशान नहीं मिले हैं, जिसेसे प्रथम दृष्टया हत्या की पुष्टि की जाए। हालांकि पुलिस हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस ने मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल का जांच कर कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पूर्व मुखिया के मौत कैसे हुई? यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर पुलिस अपनी जांच को आगे बढ़ाएगी।
पूर्व मुखिया पर दर्ज थे कई आपराधिक मामले
बता दें कि मृतक पूर्व मुखिया संजय कुमार यादव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। यह भी बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से वह फरार चल रहे थे। बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत या किसी व्यक्ति पर आरोप नहीं लगाया गया है। आवेदन मिलने के बाद उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
एक तरफ पूर्व मुखिया का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घटना से नाराज ग्रामीणों और उनके समर्थकों ने बिहटा-बिक्रम मुख्य मार्ग को जाम करते हुए सड़क पर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर मामले को शांत कराया और यातायात को सामान्य कराया।
ये भी पढ़ें- बिहार में बैठकों पर नकेल, 50 मिनट से ज्यादा की मीटिंग और बिना एजेंडे पर रोक

