कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश सरकार जल्द ही ‘खेलो हरियाणा ऐप’ और ‘खिलाड़ी बीमा योजना’ लॉन्च करेगी। साथ ही खिलाड़ियों के लिए प्रदेश में 21 नए खेल स्टेडियमों का निर्माण भी कराया जाएगा। यह जानकारी हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेल विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दी।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को जमीनी स्तर पर बेहतरीन खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसी दिशा में प्रदेशभर में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं देने पर तेजी से काम किया जा रहा है।
बैठक के दौरान फर्जी खेल नर्सरियों को लेकर खेल मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सभी जिला खेल अधिकारियों (डीएसओ) को निर्देश दिए कि 15 दिनों के भीतर अपने-अपने जिलों में संचालित खेल नर्सरियों की ग्राउंड रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को सौंपें।
उन्होंने चेतावनी दी कि रिपोर्ट के बाद यदि किसी जिले में फर्जी खेल नर्सरी संचालित पाई गई तो संबंधित जिला खेल अधिकारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सरकार खेल सुविधाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना चाहती है।
खिलाड़ियों के अभ्यास में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए खेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल निदेशालय से बजट जारी होने तक जिला खेल परिषद के माध्यम से जरूरी खेल उपकरण और सामान की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की तैयारी किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री और बजट घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग के साथ तालमेल बनाकर लंबित खेल परियोजनाओं और स्टेडियम निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के लिए हर जिले में एथलेटिक्स का सिंथेटिक ट्रैक तैयार किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक ट्रैक पर अभ्यास करने का अवसर मिलेगा और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।
डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा देने के लिए जल्द लॉन्च होने वाले ‘खेलो हरियाणा ऐप’ में प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल स्टेडियमों का पूरा डेटा उपलब्ध होगा। इसके जरिए खिलाड़ी अपने नजदीकी स्टेडियम की जानकारी लेकर वहां अभ्यास कर सकेंगे।
खिलाड़ियों की सुरक्षा और मानसिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए ‘खिलाड़ी बीमा योजना’ का मसौदा भी जल्द तैयार किया जाएगा। खेल मंत्री ने कहा कि इससे खिलाड़ियों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा और वे निश्चिंत होकर अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
खेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष के खेल कैलेंडर के अनुसार सीएम कप, खेल महाकुंभ, योग और दंगल जैसी प्रतियोगिताओं का समय पर आयोजन सुनिश्चित किया जाए। निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के लिए इन आयोजनों से एक महीने पहले खिलाड़ियों के ट्रायल भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, निदेशक पार्थ गुप्ता, एडिशनल डायरेक्टर अश्वनी मलिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

