रांची। राजधानी रांची में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कोतवाली थाना क्षेत्र के औघड़ बाबा आश्रम के पास एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान सुखदेवनगर थाना क्षेत्र निवासी उपेंद्र कुमार मिश्रा के रूप में हुई है।

कोतवाली एएसपी निखिल राय के अनुसार, शुरुआती जांच में युवक की हत्या किए जाने की आशंका है। शव की स्थिति और शरीर पर मिले खून के निशानों के आधार पर पुलिस को चाकू से हमला किए जाने का संदेह है। हालांकि, हत्या की असली वजह और वारदात में इस्तेमाल हथियार की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

मौके पर पहुंची FSL टीम, जुटाए गए सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर FSL टीम को बुलाया। टीम ने मौके से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अब इन सबूतों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

CCTV फुटेज से हत्यारे तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की पहचान के लिए उसकी तस्वीर जिले के सभी थानों को भेजी गई थी। गुमशुदगी के मामलों से मिलान के बाद मृतक की पहचान उपेंद्र कुमार मिश्रा के रूप में हुई।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, हमलावर और वारदात में इस्तेमाल हथियार का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।