Bihar Crime: बिहार के नवादा में जंगल से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांधी नगर गांव निवासी 35 वर्षीय मुन्ना यादव के रूप में हुई, जो बीते शनिवार दोपहर से ही घर से लापता बताया जा रहा था। मामला सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के रसलपुरा गांव स्थित लवकुश जंगल का है।
दरअसल आज सोमवार की सुबह जब गांव के कुछ लोग शौच के लिए जंगल की ओर गए तो उनकी नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद जंगल में शव मिलने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर सीतामढ़ी थाने की पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस के अनुसार युवक के गले पर काले निशान मिले हैं और मुंह से झाग भी निकला हुआ था। ऐसे में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से कुछ साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है।
मुन्ना यादव के शव मिलने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां लक्ष्मिनियां देवी ने अपनी बहू राखी देवी पर बेटे की हत्या कराने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद डायल 112 पुलिस को बुलाया गया था। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया था। हालांकि झगड़े के बाद राखी देवी अपने मायके चली गई।
परिजनों के मुताबिक शनिवार को मुन्ना यादव अपने रिश्तेदार के साथ किसी काम से घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। सोमवार को उसका शव गांव से करीब दो-तीन किलोमीटर दूर जंगल में मिला। घटना को लेकर अवैध संबंध की भी बातें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष पप्पू शर्मा ने बताया कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। अभी तक परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- मोतिहारी में छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी: कमरे में फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

