परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के प्रसिद्ध ऐतिहासिक नरवर किले से एक चौंकाने वाली चोरी का मामला सामने आया है। करीब 400 साल पुरानी दुर्लभ तोप चोरों ने किले से उठा ली। घटना 15-16 जुलाई की रात की बताई जा रही है, जब 25 से 30 हथियारबंद बदमाश लोडिंग वाहनों के साथ किले में घुसे और गार्डों को धमकाकर तोप को अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार, चोरी वाली तोप घटना से करीब 12 दिन पहले ही अपने मूल स्थान से गिर गई थी। इसके बावजूद पुरातत्व विभाग और प्रशासन ने तोप की सुरक्षा और संरक्षण के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए। विभाग की इसी लापरवाही का फायदा उठाकर बदमाशों ने आसानी से वारदात को अंजाम दिया।
अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह की संलिप्तता की आशंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस चोरी में अंतरराष्ट्रीय हेरिटेज तस्कर गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसी दुर्लभ ऐतिहासिक वस्तुओं की विदेशों में भारी डिमांड रहती है, जिसके चलते यह चोरी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है। नरवर थाना पुलिस ने इस मामले में तुरंत केस दर्ज कर लिया है और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सतर्कता बरत रही है। पुरातत्व विभाग के अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
नरवर किले का ऐतिहासिक महत्व
नरवर किला मध्यकालीन इतिहास का गवाह है और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। यहां मौजूद प्राचीन तोपें और अन्य कलाकृतियां किले की पहचान हैं। इस चोरी से न सिर्फ ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंचा है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और इतिहास प्रेमियों ने पुरातत्व विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि गिर चुकी तोप को बिना सुरक्षा के छोड़ना गंभीर लापरवाही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

