पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश कान्हा नेशनल पार्क के सरही जोन अंतर्गत सरहीनकान बीट में एक नर बाघ शावक का शव मिला है। सूचना मिलते ही कान्हा प्रबंधन का पूरा अमला मौके पर पहुंच गया। प्रारंभिक जांच में शावक के सभी अंग सुरक्षित पाए गए और मौत का कारण प्रथम दृष्टया स्वाभाविक बताया जा रहा है। कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने बताया कि यह नर बाघ शावक पिछले दो दिनों से लापता था। शावक काफी कमजोर था और उसका पेट खाली मिला। मौके पर आसपास मादा बाघ अपने बच्चों के साथ देखी गई।
READ MORE:लव रिलेशन का खौफनाक अंजाम: शादी का झांसा देकर छात्रा से किया दुष्कर्म, आरोपी युवक गिरफ्तार
शव मिलने की सूचना पर तुरंत डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की गई। वन विभाग के अधिकारियों और डॉक्टरों की निगरानी में शव का दाह संस्कार किया गया। कान्हा नेशनल पार्क में बाघों की मौत का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षण कार्यकर्ताओं के मन में सवाल उठ रहे हैं। हाल के महीनों में कई बाघों और शावकों की मौत ने पार्क प्रबंधन पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
READ MORE: मध्य प्रदेश में यूसीसी के लिए बनेगी 5 सदस्यीय कमेटी, अप्रैल के आखिरी सप्ताह में गठन संभव
कान्हा प्रबंधन का कहना है कि शावक की मौत में किसी भी प्रकार की मानवीय संलिप्तता या शिकार की आशंका नहीं है। फिर भी पूरी जांच रिपोर्ट का इंतजार है। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और बाघों की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

