प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्ष की राजनीतिक यात्रा को देखते हुए उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सेवा गतिविधियों के जरिए नागरिकों को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ा जाएगा.
सतीश सिंह, लखनऊ. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्ष की राजनीतिक यात्रा को देखते हुए प्रदेश सरकार और प्रदेश संगठन मिलकर सेवा संकल्प अभियान मनाएंगे. यह अभियान प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा. अभियान के दौरान पीएम के सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों, नीतिगत सुधारों को पहुंचाने के साथ ही प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा.
गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल की उपस्थिति में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि अभियान व्यापक जनभागीदारी से हो और सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण तथा विकास की उपलब्धियों को वास्तविक लाभार्थियों की कहानियों के माध्यम से सामने लाया जाए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी प्रभारी मंत्रियों को जनपदों और अपनी-अपनी विधानसभाओं में जाकर तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए.
विकास कार्यों का डेटा-बैंक
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि शासन, मुख्यमंत्री कार्यालय और जनपद स्तर पर त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था बनाई गई है. केंद्र सरकार के 12 वर्षों और राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों का डेटा-बैंक तैयार किया गया है. अभियान से 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा, जिनमें 3.51 करोड़ ग्रामीण और 0.68 करोड़ शहरी परिवार शामिल हैं.

सेवा दिवस से शुरुआत
17 सितंबर को सेवा दिवस पर आशीर्वाद का दीया के तहत सेवा गतिविधियों के साथ शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलन होगा. लाभार्थी परिवारों और प्रमुख विकास परियोजनाओं के स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे. कार्यक्रम के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति होंगे.
इसी दिन विश्वकर्मा जयंती पर सभी विधानसभाओं में विश्वकर्मा पूजन और शिल्पकारों को टूलकिट वितरित किए जाएंगे. इसके बाद मेरे सपनों का भारत के तहत चित्र सेवा में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों में चित्रकला और भाषण तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण एवं डिबेट प्रतियोगिताएं होंगी.
नमो सेवा के तहत अनकही कहानियां, सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से 25 वर्षों की सेवा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास की कहानी गांव-गांव तथा शहरों तक पहुंचाई जाएगी. आंगन मिलन सेवा के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे.
वहीं सेवा की कहानी में डिजिटल और रील अभियान के तहत 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव की 60 सेकंड की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी. जबकि इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट के तहत 150 डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्टर्स और व्लॉगर्स को प्रदेश की परिवर्तनकारी परियोजनाओं का भ्रमण कराया जाएगा.
सेवा ज्योति से संकल्प
7 अक्टूबर को जनपदों में सेवा ज्योति, पैदल, साइकिल और बाइक रैलियां तथा विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प होगा. प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा.
वहीं वडनगर से वाराणसी यात्रा में जल, जन और सेवा संकल्प कार्यक्रम होगा. इसमें वाराणसी से 250 बाइक और 500 यात्री गंगाजल लेकर वडनगर जाएंगे. 20 टोलियां अलग-अलग मार्गों से यात्रा करेंगी और दोनों स्थानों के पवित्र जल से काशी विश्वनाथ तथा वडनगर के हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक होगा.
सेवा मेरा योगदान में नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, शिक्षा सहयोग, जल संरक्षण, नशामुक्ति, पोषण, साइबर सुरक्षा, दिव्यांगजन सहयोग और सरकारी योजनाओं की जागरूकता सहित 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा. सेवा सेतु अभियान में प्रत्येक विकासखंड में सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर होंगे.
सुशासन सेवा संवाद में 17 अक्टूबर को अभियान का समापन होगा. ग्राम प्रधान से सांसद तक के जनप्रतिनिधि एकत्र होकर प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल का सम्मान करेंगे और विकसित भारत 2047 का संकल्प लेंगे.



