महेंद्रगढ़। दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते रेलवे ने यात्रियों को बड़ा झटका दिया है। स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण आगामी तीन महीनों तक कई प्रमुख ट्रेनों का दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इस फैसले का सबसे अधिक असर हरियाणा और राजस्थान के हजारों रेल यात्रियों पर पड़ेगा।
महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नारनौल के यात्रियों पर सबसे ज्यादा असर
दिल्ली कैंट के रास्ते सफर करने वाले महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नारनौल के यात्रियों को अब अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ेगी। रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, व्यापारियों और सेना के जवानों के लिए यह बदलाव मुश्किलें बढ़ाने वाला साबित होगा। अब इस रूट से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और पैसेंजर ट्रेनें दिल्ली कैंट स्टेशन पर नहीं रुकेंगी।
सराय रोहिल्ला और पुरानी दिल्ली बनेगा नया विकल्प
दिल्ली कैंट पर ठहराव बंद होने के कारण यात्रियों को अब दिल्ली सराय रोहिल्ला (DEE) या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन (DLI) तक जाना होगा। इससे यात्रा का समय बढ़ेगा और स्थानीय परिवहन पर अतिरिक्त खर्च भी करना पड़ेगा।
रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट शेड्यूल और स्टॉपेज अवश्य जांच लें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन 139, आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे के मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है।
रेलवे का कहना है कि दिल्ली कैंट स्टेशन के आधुनिकीकरण का कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का नियमित ठहराव फिर से बहाल कर दिया जाएगा।

