रोहतक। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के धरना प्रदर्शन को लेकर हरियाणा और दिल्ली बॉर्डर पर सियासी पारा चढ़ गया है। प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा पुलिस (Haryana Police) पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रोहतक-दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस बीच, दिल्ली कूच कर रहे हरियाणा के युवाओं को पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोकना और हिरासत में लेना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रोहतक से जिला परिषद वार्ड 10 के सदस्य जयदेव डागर (Jaydev Dagar) और उनके कई साथियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
रोहद टोल प्लाजा पर हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस से भिड़े युवा
मिली जानकारी के मुताबिक, जयदेव डागर अपने समर्थकों और युवाओं के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला बहादुरगढ़ से पहले, सांपला के नजदीक रोहद टोल प्लाजा (Rohad Toll Plaza) के पास पहुंचा, वहां पहले से मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया।
इस दौरान बीच सड़क पर जिला पार्षद जयदेव डागर और पुलिस अधिकारियों के बीच जमकर तीखी बहस हुई। जयदेव डागर बार-बार पुलिस से उन्हें रोकने और हिरासत में लेने का कारण पूछ रहे थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर ले गई पुलिस, सांपला थाने में रखा
पुलिस ने सख्ती दिखाई और जयदेव डागर समेत उनके कई साथियों को जबरन गाड़ियों में बैठाकर अपने साथ ले गई। फिलहाल, जिला पार्षद और हिरासत में लिए गए अन्य युवाओं को सांंपला पुलिस स्टेशन (Sampla Police Station) में रखा गया है। थाने के बाहर भी समर्थकों की भीड़ जुटने की खबरें आ रही हैं।
बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात, हर गाड़ी की चेकिंग
जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन को लेकर रोहतक और बहादुरगढ़ से दिल्ली की तरफ जाने वाले तमाम रास्तों पर पुलिस ने कड़ा पहरा लगा दिया है। बॉर्डर (Delhi-Haryana Border) पर बैरिकेडिंग करके हर आने-जाने वाले वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है, ताकि प्रदर्शनकारियों को दिल्ली में दाखिल होने से रोका जा सके।

