भुवनेश्वर: ओडिशा में जारी भीषण गर्मी और लू (Heatwave) के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. भुवनेश्वर स्थित मुख्यमंत्री शिकायत प्रकोष्ठ (CM’s Grievance Cell) आज, 11 मई (सोमवार) को बंद रहेगा.

राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. दूर-दराज के इलाकों से अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों को लू और स्वास्थ्य संबंधी खतरों से बचाने के लिए सामान्य प्रशासन और लोक शिकायत विभाग ने यह कदम उठाया है.
विभाग ने सूचित किया है कि अगली सुनवाई की तारीख जल्द ही समाचार पत्रों और अन्य मीडिया माध्यमों से घोषित की जाएगी. जिन आवेदकों ने आज की सुनवाई के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, उन्हें अगली बार फिर से पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं होगी. उनके मौजूदा टोकन/रजिस्ट्रेशन को अगली सुनवाई में प्राथमिकता दी जाएगी. नागरिक अपनी शिकायतें ‘जन सुणानी’ (Jan Sunani) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करना जारी रख सकते हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 11 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

