सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। कोलेबिरा थाना क्षेत्र के लचरागढ़ स्थित देवनदी पुल पर बोलेरो और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इनमें एक युवक पुल से नीचे जा गिरा।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे एक बोलेरो बानो से लचरागढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। बाइक पर तीन युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था। टक्कर के बाद दो युवक सड़क पर गिर पड़े, जबकि एक युवक पुल के नीचे जा गिरा।

एक मृतक की हुई पहचान, दो की शिनाख्त बाकी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। मृतकों में एक की पहचान सिजांग निवासी दयानंद सिंह के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य युवकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया

घटना की सूचना मिलते ही बानो थाना और कोलेबिरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अज्ञात दोनों युवकों की पहचान करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

एक साथ तीन युवकों की मौत से इलाके में शोक की लहर है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अहमियत को सामने ला दिया है।