इमरान खान, खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा में पुलिस ने देह व्यापार (सेक्स रैकेट) के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर चीराखदान स्थित मल्टी (बहुमंजिला इमारत) में दबिश देकर 3 महिलाओं और 6 पुरुषों को हिरासत में लिया है। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।

ग्राहक बनकर पहुंचा पुलिस का जवान

जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को पिछले कुछ समय से चीराखदान मल्टी में अवैध देह व्यापार संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की कड़ाई से पुष्टि करने के लिए पुलिस ने एक फुलप्रूफ प्लान तैयार किया। योजना के तहत पुलिस के एक जवान को बोगस ग्राहक बनाकर मल्टी में भेजा गया। जैसे ही सौदे की बात पक्की हुई और सूचना पूरी तरह सही पाई गई, वैसे ही मुस्तैद पुलिस टीम ने इमारत पर धावा बोल दिया।

आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए युवक-युवतियां

पुलिस की छापेमारी के दौरान मल्टी के कमरों से युवक और युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस ने मौके से कुल 9 लोगों को अपनी हिरासत में लिया है, जिनमें 3 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं। हिरासत में लिए गए सभी 9 लोगों को तुरंत वाहन में बैठाकर मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब इस रैकेट के मुख्य संचालकों और इसके पीछे जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह अनैतिक धंधा यहां कब से चल रहा था और इसमें कौन-कौन से सफेदपोश लोग शामिल हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m