० व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए बनाया शिकार, दिल्ली पुलिस ने मेवात से जुड़े साइबर नेटवर्क का किया खुलासा
फरीदाबाद। सेक्सटॉर्शन के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली पुलिस ने एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए फरीदाबाद के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों ने एक व्यक्ति को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करीब 5.80 लाख रुपये की ठगी की। जांच में सामने आया है कि आरोपी राजस्थान के मेवात क्षेत्र से संचालित साइबर नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश (18), कुनाल (22) और इमरान (23) के रूप में हुई है। तीनों फरीदाबाद के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
वीडियो कॉल के जरिए फंसाया, फिर शुरू हुई ब्लैकमेलिंग
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 6 मई को व्हाट्सएप पर एक युवती की वीडियो कॉल आई। बातचीत के दौरान महिला ने खुद को परिचित बताते हुए अश्लील हरकत करने के लिए उकसाया और पूरी बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से कई बार में करीब 5.80 लाख रुपये वसूल लिए।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद उत्तर-पूर्व जिला साइबर थाना पुलिस ने बैंक खातों के लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की। जांच के दौरान सबसे पहले राजेश को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर कुनाल और इमरान को भी दबोच लिया गया।
मेवात गैंग के लिए कर रहे थे काम
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राजस्थान के मेवात क्षेत्र से संचालित सेक्सटॉर्शन गिरोह के लिए काम करते थे। पुलिस ने इमरान के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया है। अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
साइबर पुलिस की सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान वीडियो कॉल या संदिग्ध सोशल मीडिया संपर्क से सतर्क रहें। यदि कोई व्यक्ति ब्लैकमेलिंग या साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।


