पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरण में वोटिंग होनी हैं. इसके लिए टीएमसी ने पूरी ताकत झोंक दी है. बीजेपी के तमाम स्टार नेताओं ने बंगाल में डेरा जमा है. खुद गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी कमान अपने हाथों में लेकर रखी है. इसी कड़ी में सोमवार को पश्चिम बंगाल के बीरभूम में उन्होंने जनसभा की. इस सभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ममता दीदी कहती हैं कि महिलाओं को शाम 7 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए. उन्हें अपने इस बयान पर शर्म आनी चाहिए. उन्होंने जनता से कहा ‘आप बस एक बार बीजेपी की सरकार बनाइए, हम ऐसा बंगाल बनाएंगे जहां एक छोटी बच्ची भी रात के 1 बजे स्कूटर पर निकल सकेगी. संदेशखाली, आरजी कर , दुर्गापुर लॉ कॉलेज या दक्षिण कोलकाता लॉ कॉलेज जैसी कोई घटना नहीं होगी’.
इसके अलावा उन्होंने TMC सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कैश फॉर क्वेरी, 26 हजार शिक्षकों की भर्ती, गाय तस्करी और पीएम आवास में TMC ने घोटाले किए. इन घोटालों में बंगाल की जनता के 5000 करोड़ रुपए गायब हो गए. हमारी सरकार बनते ही हम TMC से पाई-पाई का हिसाब लेंगे.
UCC लागू कर चार शादियों पर लगाएंगे रोक
UCC (समान नागरिक संहिता) पर बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि हम बंगाल में UCC लाएंगे. आज बंगाल में कुछ लोग चार शादियां करते हैं, हमारे कानून बनने के बाद वे ऐसा नहीं कर पाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि TMC ने BSF की फेंसिंग के लिए जमीन नहीं दी. हमारी सरकार बनते ही BSF को राज्य की सीमा पर फेंसिंग के लिए जमीन दे दी जाएगी. वहीं पश्चिम बंगाल के सूरी में एक चुनावी सभा के दौरान ममता बनर्जी ने कहा- 19 राज्य और केंद्र सरकार मेरे खिलाफ एकजुट हो गए हैं, मैं अकेले ही आम लोगों के लिए लड़ रही हूं.
बहुसंख्यक समुदाय को डरा रही थीं ममता
मंत्री ने सीएम पर हिंसा और भय का माहौल बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा ‘मैं ममता दीदी का भाषण देख रहा था. वह यहां के बहुसंख्यक समुदाय को डरा रही थीं, कह रही थीं कि अगर टीएमसी नहीं रही तो बहुसंख्यक समुदाय का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा.उनके शासनकाल में मुर्शिदाबाद में दंगे हुए, रामनवमी पर हमले हुए, सरस्वती पूजा पर प्रतिबंध लगा दिया गया तब वह कहां चली गई थीं?’
टीएमसी के गुंडों को दी चेतावनी
शाह ने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव राज्य में एक निर्णायक मोड़ साबित होंगे. उन्होंने कहा, ‘टीएमसी के गुंडे अब बम धमाकों से बंगाल की जनता को आतंकित नहीं कर पाएंगे. बंगाल की जनता बमों का जवाब मतपत्रों से और भय का जवाब विश्वास से देगी. मैं बंगाल की जनता से कहना चाहता हूं कि मतपत्र पर कमल का चिन्ह ढूंढें. बीजेपी सरकार टीएमसी के सभी गुंडों को ढूंढ निकालने का जिम्मा लेगी’.
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं आज टीएमसी के गुंडों से कह रहा हूं – 23 अप्रैल को अपने घरों में बंद रहो, अन्यथा 4 मई को तुम्हें चुन-चुनकर जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा’. उन्होंने कहा ’23 अप्रैल को टीएमसी का कोई भी गुंडा बंगाल के मतदाताओं के एक बाल को भी नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा’.
केंद्र के योगदान का किया जिक्र
वहीं केंद्र के योगदान पर प्रकाश डालते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुदेव के शांति निकेतन को यूनेस्को की विरासत सूची में स्थान दिलाया और बंगाली भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिलाया. उन्होंने पश्चिम बंगाल में समान नागरिक संहिता (यूनिफॉर्म सिविल कोड) लागू करने के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि बीजेपी बंगाल में यूसीसी लाएगी और यूसीसी के लागू होने के बाद चार शादियों की प्रथा समाप्त हो जाएगी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

