LA 2028 Olympics Cricket Venue: 128 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी होने जा रही है और इसकी मेजबानी एक ऐसे स्टेडियम को मिली है, जिसका सीधा संबंध बॉलीवुड सुपरस्टार और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सह-मालिक शाहरुख खान से है। लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के सभी क्रिकेट मुकाबले कैलिफोर्निया के पोमोना स्थित नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे। यह मैदान मेजर लीग क्रिकेट (MLC) की फ्रेंचाइजी लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (LAKR) का घरेलू मैदान भी है।

शाहरुख खान ने किया स्टेडियम का उद्घाटन

अमेरिका के कैलिफोर्निया में लॉस एंजिल्स काउंटी के पोमोना शहर स्थित फेयरप्लेक्स में बने इस अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन शाहरुख खान ने किया। खास बात यह है कि इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैदान का निर्माण महज 100 दिनों में पूरा किया गया।

उद्घाटन के बाद शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी साझा करते हुए लिखा, “जो एक सपना था, वह आज हकीकत बन गया है। लॉस एंजिल्स के नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में आप सभी का स्वागत है।”

उन्होंने कहा कि यह मैदान सिर्फ क्रिकेट मैचों के लिए नहीं, बल्कि मनोरंजन, परिवारों और यादगार अनुभवों के लिए भी तैयार किया गया है। साथ ही इस परियोजना में सहयोग के लिए ICC चेयरमैन जय शाह और ICC के CEO संजोग गुप्ता का आभार व्यक्त किया। शाहरुख ने कहा कि यह क्रिकेट ग्राउंड केवल लॉस एंजिल्स के लोगों का नहीं, बल्कि दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों और पूरे नाइट राइडर्स परिवार का है। उन्होंने अपना संदेश “Believe in Purple and Gold” भी दोहराया।

वीडियो में दिखे अली खान, ब्रावो और नरेन

शाहरुख खान द्वारा साझा किए गए उद्घाटन वीडियो में अमेरिका के तेज गेंदबाज अली खान भी नजर आए, जिनका जन्म पाकिस्तान में हुआ था और जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करते हैं। वीडियो में वेस्टइंडीज के दिग्गज ड्वेन ब्रावो और स्टार स्पिनर सुनील नरेन भी दिखाई दिए, जो नाइट राइडर्स परिवार का अहम हिस्सा रहे हैं।

पूजा के साथ हुई ऐतिहासिक शुरुआत

स्टेडियम में पहला आधिकारिक मुकाबला शुरू होने से पहले वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कराई गई। लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने इस समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें पंडितों द्वारा विधिवत पूजा कराई जाती दिखाई दी। पूजा के बाद मैदान पर पहला मुकाबला खेला गया।

इस मैदान पर पहला मैच मेजर लीग क्रिकेट 2026 में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स और वॉशिंगटन फ्रीडम के बीच खेला गया। ओलंपिक से पहले यहां MLC 2026 के कुल सात मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय मानकों से लैस है स्टेडियम

नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड को ICC के मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। मैदान के मुख्य स्क्वायर में आठ पिचें तैयार की गई हैं। इसके अलावा यहां 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर लगाए गए हैं, जिससे दिन और रात दोनों समय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का आयोजन संभव होगा।

इस स्टेडियम के निर्माण के दौरान 32 हजार मीट्रिक टन से अधिक मिट्टी हटाई गई, जिसके बाद इसे आधुनिक क्रिकेट सुविधाओं से लैस किया गया।

ओलंपिक में 128 साल बाद लौटेगा क्रिकेट

लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी 128 वर्षों बाद हो रही है। प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें पुरुष और महिला वर्ग की छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी।

सभी मुकाबले 12 जुलाई से 29 जुलाई 2028 के बीच पोमोना स्थित नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे। यह स्टेडियम लॉस एंजिल्स शहर के केंद्र से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित है।

महिला टीमों ने किया क्वालिफाई

महिला टी20 विश्व कप 2026 के जरिए ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड के माध्यम से), भारत और दक्षिण अफ्रीका ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। बाकी टीमों का फैसला आगामी क्वालिफिकेशन प्रक्रिया के जरिए होगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H