अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल का विशाल मेगा मार्ट एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार विवाद किसी ऑफर या शिकायत का नहीं, बल्कि वायरल वीडियो को लेकर हुए बवाल का है। युवक-युवती का कर्मचारियों से कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला कोतवाली तक पहुंच गया, जहां पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा, फिलहाल मेगा मार्ट प्रबंधन इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहता, जबकि वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
जानकारी के अनुसार, विशाल मेगा मार्ट प्रबंधन का दावा है कि कुछ दिन पहले एक युवती स्टोर में आई थी। आरोप है कि उसने कुछ सामान बिना भुगतान किए अपने पास रख लिया था, यह पूरी घटना स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी, इसके बाद उक्त वीडियो किसी माध्यम से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि प्रबंधन का कहना है कि वीडियो किसने लीक किया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
युवक के साथ मार्ट पहुंचकर हंगामा
बताया जा रहा है कि बीती शाम वही युवती एक युवक के साथ मेगा मार्ट पहुंची और वायरल वीडियो को लेकर कर्मचारियों से बहस करने लगी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले युवती ने कर्मचारियों से विवाद किया और उसके बाद उसके साथ आया युवक भी कर्मचारियों पर टूट पड़ा। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
बैकफुट पर प्रबंधन!
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस ने मामले को शांत कराने और आपसी सहमति से विवाद समाप्त कराने का प्रयास किया। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से किसी पक्ष पर कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। इस पूरे बवाल के बाद अब विशाल मेगा मार्ट प्रबंधन बैकफुट पर नजर आ रहा है। मैनेजर का कहना है कि, युवती चोरी करते पकड़ी गई थी और वीडियो कैमरे में कैद हुआ था, लेकिन वह लीक कहां से हुआ, हमें नहीं पता, अब हम इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते और यहीं खत्म करना चाहते हैं।
उठे कई सवाल
इसके साथ ही उन्होंने मीडिया से भी इस मामले को ज्यादा न उछालने की अपील की है। बहरहाल, मैनेजर भले ही मामले को दबाना चाहते हों, लेकिन इंटरनेट पर वायरल हो रहा यह मारपीट का वीडियो पुलिसिया कार्रवाई और मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

