अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में 21 बालक-बालिकाओं के लापता होने के मामले पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। पुलिस की तलाश के बावजूद अब तक इन बच्चों का पता नहीं चल सका है। अब पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल ने प्रत्येक मामले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी और अज्ञात आरोपियों के संबंध में उपयोगी सूचना देने वालों के लिए 5-5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। सवाल यह है कि आखिर इन बच्चों को तलाशने के लिए पुलिस के तमाम प्रयास अब तक कितने कारगर साबित हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी उद्घोषणा के मुताबिक, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से लापता हुए 21 बालक-बालिकाओं में 15 बालिकाएं और 6 बालक शामिल हैं। इनकी तलाश के लिए पुलिस अब आम लोगों से भी सहयोग की अपील कर रही है। इनाम की घोषणा पुलिस रेग्यूलेशन के पैरा क्रमांक 80 बी (1) के तहत की गई है।
ब्यौहारी से सबसे ज्यादा छह बालिकाएं लापता
जारी सूची के अनुसार, ब्यौहारी थाना क्षेत्र से छह बालिकाएं लापता हैं। इसके अलावा सोहागपुर क्षेत्र से तीन बालिकाओं, सिंहपुर से दो बालिकाओं और जैतपुर से एक बालिका की तलाश की जा रही है। अमलाई थाना क्षेत्र से भी एक बालिका लापता है। वहीं, देवलोंद थाना क्षेत्र से चार बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए इनाम घोषित किया गया है। जयसिंहनगर से दो बालकों, गोहपारू से एक बालक और सीधी थाना क्षेत्र से दो बालकों की तलाश की जा रही है।
सुराग देने वाले को मिलेगा पांच हजार रुपये
पुलिस की ओर से जारी घोषणा के अनुसार, गुम बालक-बालिकाओं के संबंध में उपयोगी जानकारी देने या उनकी दस्तयाबी में मदद करने वाले व्यक्ति को प्रति प्रकरण पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया जा सकता है। अज्ञात आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर भी निर्धारित शर्तों के तहत इनाम मिल सकेगा, पुरस्कार देने का अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक का होगा।
सबसे बड़ा सवाल, आखिर कब मिलेंगे लापता बच्चे
इनाम की घोषणा से पुलिस ने आमजन की मदद लेने की पहल जरूर की है, लेकिन 21 बालक-बालिकाओं का अब तक पता नहीं चल पाना भी गंभीर चिंता का विषय है। खासकर नाबालिगों से जुड़े इन मामलों में हर गुजरता दिन परिजनों की चिंता बढ़ा सकता है। अब देखना होगा कि इनाम की घोषणा के बाद पुलिस को कोई ठोस सुराग मिलता है या इन बच्चों की तलाश अभी और लंबी खिंचती है। फिलहाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी गुम बालक-बालिका के संबंध में जानकारी मिलने पर संबंधित थाना या पुलिस को सूचित करें, ताकि उनकी सुरक्षित दस्तयाबी सुनिश्चित करने में मदद मिल सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

