अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान की शुरुआत की गई। शहडोल पुलिस की पहल पर शुरू हुए इस अभियान का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से विशाल जागरूकता रैली निकालकर किया गया। रैली में पुलिस प्रशासन, विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

कलेक्ट्रेट से हुई रैली की शुरुआत
यह जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बाणगंगा स्थित सामुदायिक भवन पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने हाथों में नशा विरोधी संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को जागरूक किया। नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो, स्वस्थ युवा, समृद्ध भारत और नशामुक्त समाज, सुरक्षित भविष्य जैसे नारों से शहर का माहौल गूंज उठा। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

SP बोले- ‘नशा कारोबारियों को सीधे भेजेंगे जेल’
पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं है बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस केवल जागरूकता अभियान ही नहीं चलाएगी बल्कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ भी लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रखेगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर में स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में लगातार जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही नशे के अवैध कारोबार पर विशेष अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
शहडोल पुलिस ने सभी नागरिकों से इस जन आंदोलन का हिस्सा बनने, युवाओं को नशे से दूर रखने और नशामुक्त शहडोल के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। अभियान का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान करना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

