अजयारविंद नामदेव, शहडोल। रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कर उसे चकाचक चमका दिया गया, लेकिन दिव्यांगों और बीमार यात्रियों की सुविधा के लिए रैंप जैसी बुनियादी व्यवस्था आज भी सवालों के घेरे में है। शहडोल रेलवे स्टेशन से सामने आए एक वीडियो ने रेलवे की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो में पैर फैक्चर से जूझ रहे एक मरीज को व्हीलचेयर पर बैठाकर रेलवे ट्रैक के बीच गिट्टियों से होकर ले जाते हुए देखा जा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और रेलवे की सुविधाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।
रैंप नहीं, तो मरीजों की राह में रेलवे ट्रैक
शहडोल के रहने वाले मो सैय्यद नामक शख्स का पैर फैक्चर होने के कारण इलाज के लिए जबलपुर जाना था। ट्रेन से यात्रा करने के लिए उसे शहडोल रेलवे स्टेशन लाया गया, लेकिन रैंप की सुविधा नहीं होने के कारण व्हीलचेयर सहित रेलवे ट्रैक के बीच से ले जाने की नौबत आ गई। पैर फैक्चर से जूझ रहे एक मरीज को व्हीलचेयर पर बैठाकर रेलवे ट्रैक के बीच गिट्टियों से होकर ले जाया गया। इसका किसी शख्स ने वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
चमकते स्टेशन में बुनियादी सुविधा का इंतजार
शहडोल संभाग के रेलवे स्टेशनों पर विकास और सौंदर्यीकरण के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन शहडोल रेलवे स्टेशन पर रैंप की मांग लंबे समय से उठाए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में बीमार, दिव्यांग और चलने-फिरने में असमर्थ यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार मरीजों को गोद में उठाकर, पीठ पर लादकर या स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की मदद से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाना पड़ता है। रैंप जैसी जरूरी सुविधा के अभाव में मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
सवालों के घेरे में रेलवे की व्यवस्था
इस घटना ने रेलवे की यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब तक बीमार और दिव्यांग यात्रियों को ऐसी परेशानियों से जूझना पड़ेगा, क्या रेलवे किसी बड़े हादसे के बाद जागेगा या यात्रियों की सुविधा के लिए समय रहते रैंप की व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो ने रेलवे प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचा है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस दिशा में क्या कदम उठाते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

