अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में रेत माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि अवैध रेत परिवहन रोकने पहुंचने वाले सरकारी अधिकारियों पर हमला करने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला जिले के ब्यौहारी तहसील के बुढ़वा क्षेत्र का है, जहां अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचीं नायब तहसीलदार की शासकीय गाड़ी को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। 

घटना 17 अक्टूबर की है जब बुढ़वा नायब तहसीलदार अंकिता पांडे अपने क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई कर रही थीं। ट्रैक्टर का पीछा करने के दौरान अधिकारी के सामने रेत लोड तेज रफ्तार ट्रेक्टर ने बीच सड़क रेत अनलोड कर ट्रेक्टर के पीछे का हिस्सा ट्राली को खोल दिया। इससे नायब तहसीलदार की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालाँकि इस दौरान वह बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मामले में देवलौंद पुलिस ने वाहन चालक और मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक की पहचान ग्राम बुढ़वा निवासी कृष्णा पाल बैस के रूप में हुई है। 

इस घटना ने एक बार फिर जिले में अवैध रेत कारोबार और कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन रोकने की कोशिश के दौरान एक पटवारी और एक पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (ASI) की वाहन से कुचलकर मौत हो चुकी है। इसके अलावा भी कार्रवाई के दौरान अधिकारियों पर हमले की घटनाएं सामने आती रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m