अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है। अतिक्रमण हटाने के बाद सड़क किनारे पड़े मलबे से लोहे का सामान उठाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सरेआम गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हैरानी की बात ये है कि इस पूरी घटना को मौके पर मौजूद लोग अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते रहे और मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस के खौफ पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र के नया बस स्टैंड स्थित स्वास्तिक गैलेक्सी के सामने संदीप कुमार गुप्ता की मोबाइल सर्विस की दुकान है। हाल ही में बुढ़ार चौक से नया बस स्टैंड रोड तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के बाद कई मकान और दुकानों से निकला मलबा, लोहे के एंगल, पाइप सहित अन्य सामग्री सड़क किनारे पड़ी थी। आरोप है कि कुछ लोग इसी मलबे में रखी लोहे की सामग्री उठाकर ले जा रहे थे। उन्हें रोककर सामान ले जाने के संबंध में पूछताछ की गई तो कहासुनी शुरू हो गई।
ये भी पढ़ें: राइस मिल हादसाः मजदूर का हाथ-पैर कटने के बाद साक्ष्य मिटाने की साजिश ? प्रशासन की जांच शुरू
देखते ही देखते शनि वंशकार, जितेन्द्र वंशकार, साहिल वंशकार और सतीश वंशकार समेत कई अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने संदीप गुप्ता और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। विवाद बढ़ने पर संदीप के पिता रामनिवास गुप्ता तथा भाई प्रकाश गुप्ता और चंद्रप्रकाश गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने की बात कही है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष कोतवाली थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 131, 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब घटनास्थल के वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अतिक्रमण हटाने के बाद मलबे की सुरक्षा और उसमें पड़ी सामग्री को उठाए जाने का मुद्दा भी इस घटना के बाद चर्चा में आ गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


