अजयारविंद नामदेव, शहडोल। आधुनिकता के इस दौर में विज्ञान और तकनीक लगातार आगे बढ़ रही है, लेकिन अंधविश्वास आज भी कई जिंदगियों पर भारी पड़ रहा है। आदिवासी बाहुल्य शहडोल जिले से ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जादू-टोना करने के संदेह में एक महिला ने अपनी ही रानी की कथित तौर पर चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी, घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मामला सीधी थाना क्षेत्र के छत्ता गांव का है। Pहां रहने वाली सुखरानिया सिंह गोंड ( उम्र 60) सुबह अपने मवेशियों को चारा दे रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठी उनकी रिश्ते की जेठानी मुन्नी बाई ने कथित तौर पर सुखरानिया की चुन्नी से उनका गला घोंट दिया। गंभीर हालत में सुखरानिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की वजह जानकर हर कोई हैरान है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला मुन्नी बाई की बेटी अक्सर बीमार रहती है और उसका इलाज चल रहा है।
ये रही वजह
मुन्नी बाई को कथित तौर पर संदेह था कि उसके घर के पास रहने वाली सुखरानिया जादू-टोना करती है और इसी वजह से उसकी बेटी बीमार रहती है। इसी अंधविश्वास और संदेह के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी मुन्नी बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम और अन्य कारणों की जांच कर रही है।
पहले भी सामने आ चुके है ऐसे मामले
जादू-टोने के संदेह में हत्या का शहडोल में यह पहला मामला नहीं है। जिले में अंधविश्वास के चलते पहले भी विवाद और हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आधुनिक समाज में भी अंधविश्वास किस तरह लोगों को अपराध की ओर धकेल रहा है। जरूरत है कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि किसी बीमारी या परेशानी का समाधान अंधविश्वास में नहीं है।
शहडोल एसपी डॉ संजय कुमार अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत जादू टोना के संदेह में एक महिला ने अपने रिश्ते की एक महिला की गला घोटकर हत्या का मामला आया था, जिस पर मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पूछताछ कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



