मोहित भावसार, शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र में स्थित शगुन मोटर्स बाइक शोरूम पर रविवार शाम को मारपीट की घटना सामने आई है. घटना का वीडियो सोमवार को वायरल हुआ, जिसमें कुछ युवक शोरूम के अंदर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पुलिस की मौजूदगी भी नजर आ रही है.

पुलिस के अनुसार फरियादी राजेश चौधरी (31), निवासी ग्राम झोंकर, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरसी कार्ड को लेकर विवाद हुआ.आरोप है कि अनिल गुर्जर, अरविंद गुर्जर, दिलीप गुर्जर, राहुल गुर्जर सहित दो अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की, कुर्सियां फेंकीं और जान से मारने की धमकी दी.घटना में राजेश को सिर, गर्दन व कान में चोटें आईं तथा शोरूम में रखी बाइक को भी नुकसान पहुंचा.

इसी मामले में सोमवार को बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और घनश्याम मालवीय को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में शोरूम संचालक पर जातिसूचक गालियां देने, प्राणघातक हमले और एकपक्षीय कार्रवाई के आरोप लगाए गए.समाज के प्रतिनिधि वीरेंद्र गुर्जर का कहना था कि उनके पक्ष की शिकायत दर्ज नहीं की जा रही है. वहीं थाना प्रभारी संजय वर्मा के मुताबिक पांच लोगों पर मामला दर्ज किया गया है.दूसरे पक्ष के मारपीट के आरोप निराधार हैं और युवक के गिरने से चोट लगने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m