मोहित भावसार, शाजापुर। शाजापुर में आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई। आज शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्ते ने राहगीरों पर हमला कर दिया। महज एक घंटे के दौरान कुत्ते के काटने से 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। अचानक बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से अस्पताल में भी हलचल का माहौल रहा।

आदित्य नगर निवासी सोनू जैन ने बताया कि वह बुधवार सुबह काम से ट्रैफिक पॉइंट की ओर जा रहे था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक दौड़ता हुआ आया और उनके पैर पर हमला कर दिया। उन्होंने कुत्ते से बचने का प्रयास किया, लेकिन कुत्ते ने दोबारा हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

एक घंटे में 12 से ज्यादा मरीज पहुंचे

जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. क्षितिज मुरारी ने बताया कि बुधवार की सुबह 9 बजे से अभी तक करीब एक घंटे के दौरान कुत्ते के काटने के 12 से अधिक मामले अस्पताल पहुंचे। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।

बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ा खतरा

शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार आवारा कुत्तों के झुंड घूमने से लोगों में डर का माहौल है। रहवासियों का कहना है कि सुबह और शाम के समय सड़क पर निकलना मुश्किल हो रहा है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों पर कुत्तों के हमले का खतरा बना रहता है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

बड़ी संख्या में लोगों के कुत्तों के काटने से घायल होने के बाद शहरवासियों ने आवारा कुत्तों के खिलाफ तत्काल अभियान चलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सिर्फ कुत्तों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि उनकी संख्या नियंत्रित करने और समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m