मोहित भावसार, शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से एक दर्दनाक ट्रेन हादसा सामने आया है। मक्सी के पास पीर उमरोद रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रेन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और हादसे में उसके दोनों पैर कट गए। आरोप है कि बिना टिकट यात्रा को लेकर TTE और युवक के बीच जमकर बहस हुई थी जिसके बाद यह हादसा हुआ।
TTE और युवक के बीच हाथापाई, विवाद का वीडियो आया सामने
जानकारी के अनुसार इंदौर से पटना की ओर जा रही डॉक्टर अंबेडकर नगर स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन (09344) में यह विवाद हुआ। पीड़ित युवक मजदूरी के लिए इंदौर जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था।
हादसे के बाद विवाद से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में पीड़ित युवक आरोप लगा रहा है कि बिना टिकट होने पर वह फाइन भरने को तैयार था लेकिन TTE ने उसकी बात नहीं मानी और उसके साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ मारे।
वहीं TTE का कहना है कि युवक बिना टिकट के AC कोच में यात्रा कर रहा था और वह शराब के नशे में धुत था। वीडियो में TTE युवक को शांत रहने और बैठने की हिदायत देता दिख रहा है।
कैसे गिरा ट्रेन से, पीड़ित को नहीं याद
हादसे में दोनों पैर गंबाने वाले युवक ने बताया कि TTE ने मुझे धक्का दिया या मैं खुद गिर गया, मुझे इस बात का होश नहीं है। मैं बार-बार फाइन भरने की गुहार लगा रहा था लेकिन उन्होंने विवाद शुरू कर दिया। शाजापुर जिला अस्पताल के डॉ. विनोद गुर्जर ने बताया कि युवक को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों पैर कट चुके ते। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत इंदौर रेफर कर दिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


