जींद, 26 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के अवसर पर महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन, जींद ने महिलाओं और बेटियों को आधुनिक तकनीक, कौशल, उद्यमिता और नेतृत्व से जोड़ने की दिशा में ‘शक्ति प्रोजेक्ट’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत 30 बेटियों को 60 घंटे का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ब्लॉकचेन, वेब 3.0, डिजिटल कौशल, महिला उद्यमिता, नवाचार, नेतृत्व और वैश्विक अवसरों से जुड़े विषय शामिल होंगे।

महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन ने आईटी कंपनी ट्रिपल डैश इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से यह पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य बेटियों को उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी।

संगठन के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने कहा कि शक्ति प्रोजेक्ट सिर्फ प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की पहल है। उन्होंने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है और AI, ब्लॉकचेन तथा वेब 3.0 जैसे क्षेत्र युवाओं के लिए नए अवसर खोल रहे हैं। ऐसे में बेटियों को इन तकनीकों की जानकारी देने के साथ उनका व्यावहारिक उपयोग सिखाना भी जरूरी है।

राजकुमार भोला ने कहा कि संगठन का उद्देश्य “हुनर से आत्मविश्वास और आत्मविश्वास से सफलता” की सोच को धरातल पर उतारना है। शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान, उद्योग जगत का अनुभव, उद्यमिता की समझ और नेतृत्व क्षमता आज के समय की महत्वपूर्ण जरूरत है। शक्ति प्रोजेक्ट के माध्यम से बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर तैयार करने के लिए मंच मिलेगा।

वहीं, ट्रिपल डैश इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मनदीप गुप्ता ने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में केवल पारंपरिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक जरूरतों के अनुसार आधुनिक और व्यावहारिक कौशल से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी संगठन के साथ मिलकर बेटियों को AI, ब्लॉकचेन, वेब 3.0, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता जैसे उभरते क्षेत्रों की जानकारी देने में सहयोग कर रही है।

इन क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के तहत AI एवं ब्लॉकचेन कौशल, वेब 3.0 और डिजिटल अवसर, डिजिटल कौशल एवं आधुनिक तकनीक, महिला उद्यमिता एवं स्वरोजगार, वैश्विक अवसरों एवं बाजार की जानकारी, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता तथा उद्योग आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m