हेमंत शर्मा, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय का इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी आईईटी फिर सुर्खियों में है। आईईटी के बीटेक फाइनल ईयर के हॉस्टलर छात्रों ने पार्टी के बाद जमकर उत्पात मचाया। इन भावी इंजीनियरों ने अर्द्धनग्न होकर हॉस्टल के फर्नीचर, खिड़कियों के कांच, पानी के स्टोरेज टैंक तोड़ दिए। घटना से नाराज डीएवीवी प्रशासन ने इन सभी हॉस्टलर छात्रों के रिजल्ट रोकने और प्लेसमेंट को होल्ड करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा इन छात्रों पर भारी जुर्माना लगाने की भी बात कही है।
कोर्स पूरा होने के उपलक्ष्य में पार्टी
दरअसल रामानुजन हॉस्टल में बीटेक फाइनल ईयर के छात्रों ने कॉलेज का कोर्स पूरा होने के उपलक्ष्य में पार्टी रखी थी। पार्टी में जमकर नाच गाना हुआ। जानकारी के मुताबिक इस दौरान यहां जमकर नशाखोरी भी हुई। नशे के बाद इन छात्रों ने यहां जमकर उत्पात मचाया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्टूडेंट देर रात तक जश्न मनाते, नाचते झूमते नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही एक वीडियो में ये छात्र फर्नीचर, पानी के स्टोरेज टैंक, टेबल कुर्सी को तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। यह उत्पात तड़के 4 बजे तक चला।
घटना के बाद हॉस्टल का लिया जायजा
मामले का खुलासा होने के बाद डीएवीवी प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। जिस तरह से नशे में चूर ये छात्र तोड़फोड़ कर रहे हैं वैसा इससे पहले कभी नहीं हुआ। डीएवीवी ने आईईटी निदेशक डॉ प्रतोष बंसल को मामले की रिपोर्ट देने को कहा है। डॉ बंसल ने घटना के बाद हॉस्टल का जायजा भी लिया। सभी कमरों की खिड़कियों के कांच टूटे मिले। पार्टी के लिए लाये गए डीजे प्लेयर, डेकोरेशन और अन्य सामग्री मिली। तोड़े गए फर्नीचर, सामान के अवशेष यहां से गायब कर दिए गए।
रिजल्ट और प्लेसमेंट दोनों रुकेगा
निदेशक डॉ बंसल ने कहा कि इस घटना से सभी हैरान हैं। इसकी जानकारी कुलगुरु प्रो राकेश सिंघई, रजिस्ट्रार प्रज्वल खरे को दे दी गई है। प्रथम दृष्टया इस घटना के चलते हॉस्टलर छात्रों का रिजल्ट रोका जाएगा, जिन छात्रों का प्लेसमेंट हुआ है उनकी कंपनियों को इस घटना की जानकारी दी जाएगी। फिलहाल इनका प्लेसमेंट होल्ड किया गया है। शासकीय संपत्ति को नुकसान करने के कारण छात्रों पर भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। माता पिता को बुलाकर घटना की जानकारी दी जाएगी।
पार्टी शनिवार शाम से रविवार सुबह तक चली
बता दें कि हॉस्टल के छात्रों की ये पार्टी शनिवार शाम से शुरू होकर रविवार तड़के 4 बजे तक चली। इस दौरान कई छात्र कथित रूप से नशे का सेवन करते हुए भी नजर आए जबकि हर हर तरह का मादक पदार्थों, नशे के प्रति डीएवीवी की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। ऐसे में जांच का विषय है कि छात्रों तक नशा कैसे पहुंचा या छात्र हॉस्टल में नशा, शराब लेकर आए। निदेशक डॉ प्रतोष बंसल ने घटना की जानकारी के साथ ही नशाखोरी की आशंका से इंकार नहीं किया।
दिल दहलाने वाली घटनाः इंदौर भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों सहित मां की मौत, पिता घायल

