महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर किसानों, खेत मजदूरों और ग्रामीण नागरिकों के लिए तत्काल राहत की मांग की है। पवार ने सरकार के सामने कुल 17 मांगें रखी हैं और इन्हें बिना देरी लागू करने की अपील की है।

किसानों के लिए कर्ज माफी और आर्थिक सहायता की मांग

शरद पवार ने सूखा प्रभावित किसानों के कृषि कर्ज की माफी, जमीन का राजस्व और कृषि बिजली बिल माफ करने की मांग की है। इसके अलावा किसानों को प्रति हेक्टेयर 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और प्रत्येक परिवार को 25 किलो मुफ्त अनाज देने का प्रस्ताव रखा गया है।

पवार ने फसलों और फलबागों को हुए नुकसान के लिए मुआवजा देने की भी मांग की है। खेत मजदूरों के लिए 25 हजार रुपये की सहायता देने की बात पत्र में कही गई है।

पानी, रोजगार और शिक्षा पर भी जोर

शरद पवार ने सूखा प्रभावित क्षेत्रों में पीने के पानी और पशुओं के लिए पानी की तत्काल व्यवस्था करने, रोजगार गारंटी के काम शुरू करने और जल संरक्षण के लिए विशेष निधि उपलब्ध कराने की मांग की है।

इसके साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक फीस, छात्रावास और मेस फीस माफ करने का मुद्दा भी उठाया गया है। पवार ने सूखे की गंभीर स्थिति पर चर्चा के लिए विधानमंडल का तीन दिवसीय विशेष अधिवेशन बुलाने और दशहरा-दिवाली से पहले प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने की मांग की है।

28 सितंबर से सूखा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

शरद पवार के आवास पर हुई पार्टी की बैठक में सूखे की स्थिति पर चर्चा की गई। पार्टी ने अपने सभी विधायकों और सांसदों का एक महीने का वेतन सूखा प्रभावित किसानों की मदद के लिए देने का निर्णय लिया है।

पवार 28 सितंबर से महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और किसानों से मिलकर फसल नुकसान तथा जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के 265 तालुकों में सूखा घोषित किए जाने की जानकारी दी थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m