Business Desk – Share Market Today : शेयर बाजार में आज यानी 3 जुलाई को तेजी है. सेंसेक्स 650 अंक की तेजी के साथ 78,150 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. वहीं निफ्टी में 200 अंक की बढ़त है. ये 24,350 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. IT और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी है.

- अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने का डर कम हुआ
अमेरिका में जून महीने में जॉब ग्रोथ उम्मीद से काफी कम रही है. पहले के दो महीनों के आंकड़े भी घटाए गए हैं. इससे संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिकी लेबर मार्केट अब ठंडा पड़ रहा है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अब फेडरल रिजर्व (Fed) जल्दबाजी में ब्याज दरें नहीं बढ़ाएगा. दरें कम होने से भारत जैसे इमर्जिंग मार्केट्स में विदेशी फंड्स (FIIs) का निवेश बढ़ता है.
- IT और बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी
भारतीय IT कंपनियां अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा अमेरिकी बाजार से लाती हैं. ब्याज दरें न बढ़ने की उम्मीद से IT इंडेक्स 1.9% चढ़ गया और तेजी में सबसे आगे रहा. कच्चे तेल की कीमतें युद्ध से पहले के स्तर पर आ गई हैं, जो भारत के लिए बड़ी राहत है. साथ ही बैंकिंग शेयरों की मजबूती और FCNR (B) स्कीम में विदेशी निवेशकों (HNIs) के अच्छे रिस्पॉन्स से मार्केट को सहारा मिला.
- ग्लोबल मार्केट से मिले अच्छे संकेत
अमेरिकी टेक शेयरों में दो दिन की गिरावट के बाद वहां शानदार रिकवरी दिखी. इसके बाद आज एशियाई बाजारों में चौतरफा हरियाली रही. साउथ कोरिया का कॉस्पी इंडेक्स 3% उछला. एआई (AI) चिप बनाने की खबरों के बीच सैमसंग के शेयर 6.5% तक चढ़ गए, जिससे पूरे एशियाई मार्केट का सेंटिमेंट सुधर गया.
एशियाई बाजारों में रही जोरदार तेजी
वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों का असर शुक्रवार को एशियाई शेयर बाजारों में भी देखने को मिला. दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 207 अंक यानी 2.84% की बढ़त के साथ 7,864 पर कारोबार करता दिखा. वहीं जापान का निक्केई 511 अंक (0.74%) चढ़कर 69,244 पर पहुंच गया. हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स भी 388 अंक (1.55%) की तेजी के साथ 23,443 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया.
अमेरिकी बाजार में मिला-जुला कारोबार
गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला. डाउ जोन्स 595 अंक यानी 1.14% की बढ़त के साथ 52,900 पर बंद हुआ. वहीं नैस्डैक 207 अंक (0.80%) फिसलकर 25,833 पर बंद हुआ. S&P 500 इंडेक्स लगभग सपाट रहा और 7,483 के स्तर पर बंद हुआ.
FII की बिकवाली, DII ने दी बाजार को मजबूती
विदेशी संस्थागत निवेशक (FII/FPI) लगातार बिकवाली कर रहे हैं. ताजा आंकड़ों के अनुसार, उन्होंने शुक्रवार को 312 करोड़ रुपए के शेयर बेचे. पिछले 7 कारोबारी दिनों में उनकी कुल बिकवाली 5,359 करोड़ रुपए और पिछले 30 दिनों में 32,590 करोड़ रुपए रही. वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने बाजार को सहारा दिया. उन्होंने शुक्रवार को 1,784 करोड़ रुपए की खरीदारी की. पिछले 7 दिनों में DII ने 14,588 करोड़ रुपए और पिछले 30 दिनों में 70,305 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे.
एक दिन पहले भी बाजार में रही थी शानदार तेजी
इससे पहले 2 जुलाई को भी भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था. सेंसेक्स 579 अंक चढ़कर 77,502 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 170 अंक की तेजी के साथ 24,176 के स्तर पर बंद हुआ था. लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बाजार में तेजी से निवेशकों का भरोसा मजबूत बना हुआ है.

