Business Desk – Share Market Update : भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 28 जुलाई को लगातार दूसरे कारोबारी दिन तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 100 अंक चढ़कर 76,900 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।

वहीं, निफ्टी भी करीब 50 अंक की बढ़त के साथ 24,000 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में आज IT और FMCG सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली, जिससे प्रमुख सूचकांकों को मजबूती मिली।
कच्चे तेल में गिरावट, 87 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी है। ब्रेंट क्रूड मंगलवार को करीब 2% टूटकर 87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों के चलते तेल की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। कच्चे तेल में नरमी भारत जैसे आयातक देशों के लिए राहत की खबर मानी जा रही है।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
एशियाई शेयर बाजारों में मंगलवार को मिश्रित रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 584 अंक यानी 8.32% गिरकर 6,163 पर कारोबार कर रहा था।
जापान का निक्केई 2,885 अंक यानी 4.32% टूटकर 62,006 पर आ गया। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग 146 अंक यानी 0.74% की बढ़त के साथ 25,353 पर कारोबार करता दिखा।
अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला रुख
सोमवार, 27 जुलाई को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी मिश्रित कारोबार देखने को मिला।डाउ जोन्स 263 अंक यानी 0.51% चढ़कर 52,210 पर बंद हुआ।
नैस्डैक 44 अंक यानी 0.18% की मामूली गिरावट के साथ 24,932 पर बंद हुआ। S&P 500 1 अंक की हल्की बढ़त के साथ 7,413 पर बंद हुआ।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी
विदेशी संस्थागत निवेशक (FII/FPI) लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। पिछले सात कारोबारी दिनों में उन्होंने 9,400 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इस दौरान 10,312 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की है। पिछले 30 दिनों में DII ने 41,685 करोड़ रुपए की खरीदारी की, जबकि FII/FPI ने 17,324 करोड़ रुपए की बिकवाली की है।
सोमवार को बाजार ने दर्ज की थी शानदार बढ़त
इससे पहले सोमवार, 27 जुलाई को भी शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 776 अंक उछलकर 76,836 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 229 अंक की बढ़त के साथ 23,996 के स्तर पर बंद हुआ था। लगातार दूसरे दिन बाजार में तेजी से निवेशकों का भरोसा मजबूत होता नजर आ रहा है।


