Business Desk – Share Market Update : आज, 2 जून को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिल रही है. सेंसेक्स 200 अंकों की गिरावट के साथ 74,100 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. निफ्टी में भी लगभग 100 अंकों की गिरावट आई है. यह 23,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. आज फार्मा, हेल्थकेयर और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में सबसे ज़्यादा गिरावट देखी जा रही है, जबकि IT शेयरों में सबसे ज़्यादा खरीदारी हो रही है.

आज एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिला. जापान का निक्केई 1,101 अंक यानी 1.64% गिरकर 65,833 पर बंद हुआ, जबकि साउथ कोरिया का कोस्पी 154 अंक यानी 1.45% टूटकर 8,634 पर रहा. वहीं, हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 242 अंक यानी 0.97% की बढ़त के साथ 25,641 पर कारोबार करता दिखा.
वहीं, मंगलवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए. डाउ जोन्स 46 अंक यानी 0.09% चढ़कर 51,079 पर बंद हुआ. नैस्डैक 114 अंक यानी 0.42% की तेजी के साथ 27,087 पर पहुंच गया. S&P 500 भी 20 अंक यानी 0.26% बढ़कर 7,600 पर बंद हुआ.
विदेशी निवेशकों (FII/FPI) ने पिछले 30 दिनों में भारतीय शेयर बाजार से 59,875 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की है. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इसी अवधि में 87,778 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की. पिछले 7 दिनों में FIIs ने 26,060 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि DIIs ने 25,694 करोड़ रुपए की खरीदारी की. ताजा सत्र में FIIs ने 3,912 करोड़ रुपए की बिकवाली और DIIs ने 5,109 करोड़ रुपए की खरीदारी की.
दक्षिण कोरिया का शेयर बाज़ार भारत से आगे निकला
दक्षिण कोरिया का शेयर बाजार भारत को पीछे छोड़कर दुनिया का छठा सबसे बड़ा बाज़ार बन गया है. इस तेजी के पीछे एक बड़ी वजह देश की विशाल चिप बनाने वाली कंपनियां हैं, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को दुनिया भर में अपनाए जाने की बढ़ती रफ्तार के दम पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं.
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण कोरिया की लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन इस साल 86% बढ़कर $5 ट्रिलियन (लगभग 475 लाख करोड़) तक पहुँच गया है. इसके विपरीत, भारतीय शेयर बाज़ार का मार्केट कैपिटलाइजेशन घटकर $4.8 ट्रिलियन (लगभग 456 लाख करोड़) रह गया है.
कल भी बाजार में गिरावट देखी गई थी
इससे पहले, कल 1 जून को भी शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी. सेंसेक्स 508 अंकों की गिरावट के साथ 74,267 पर बंद हुआ था. निफ्टी में भी 165 अंकों की गिरावट आई थी और यह 23,382 के स्तर पर बंद हुआ था.

