Business Desk – Share Market Update : आज, 27 अप्रैल को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है. सेंसेक्स लगभग 600 अंकों की बढ़त के साथ 77,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. निफ्टी में भी 200 अंकों की बढ़त हुई है. यह 24,100 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. आज IT, मेटल और फार्मा शेयरों में खरीदारी की गतिविधियां बढ़ी हैं.

आज एशियाई बाजारों में ज्यादातर तेजी का रुख देखा गया. दक्षिण कोरिया का KOSPI 145 अंकों या 2.27% की बढ़त के साथ 6,623 के स्तर पर पहुंच गया. जापान का निक्केई भी 868 अंक (1.45%) चढ़कर 60,584 पर कारोबार कर रहा था. हालांकि, हांगकांग के हैंग सेंग में थोड़ी गिरावट देखी गई. यह 35 अंक (0.05%) गिरकर 25,943 पर बंद हुआ.

इस बीच, 24 अप्रैल को अमेरिकी बाज़ारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला. डॉव जोन्स 80 अंकों (0.16%) की गिरावट के साथ 49,231 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक ने 398 अंकों (1.63%) की बढ़त दर्ज की और 24,837 पर पहुंच गया. S&P 500 इंडेक्स भी 57 अंक (0.80%) चढ़कर 7,165 के स्तर पर बंद हुआ.

कच्चा तेल $106 से ऊपर कारोबार कर रहा है

ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतें $106 प्रति बैरल के निशान को पार कर गई हैं. इस तेजी की मुख्य वजह तेल की मजबूत बाजारी मांग और ‘होरमुज़ जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) को लेकर बढ़ती चिंताएँ हैं. होरमुज जलडमरूमध्य को वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए सबसे अहम मार्ग माना जाता है.

शुक्रवार को बाजार में गिरावट

इससे पहले, पिछले हफ़्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार 24 अप्रैल को सेंसेक्स 1,000 अंकों (1.29%) की गिरावट के साथ 76,664 पर बंद हुआ था. निफ्टी भी 275 अंक (1.14%) गिरकर 23,898 के स्तर पर पहुंच गया था.