Business Desk – Share Market Update : आज यानी सोमवार, 25 मई को सेंसेक्स 800 अंक (1.13%) की तेजी के साथ 76,300 पर कारोबार कर रहा है. निफ्टी में भी 250 अंकों (1.10%) की तेजी है, ये 24,000 के स्तर पर पहुंच गया है. आज के कारोबार में निफ्टी रियल्टी में सबसे ज्यादा खरीदारी है, जबकि निफ्टी आईटी में सबसे कम बढ़त है.

एशियाई शेयर बाजारों में सोमवार को शानदार तेजी देखने को मिली. साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 32 अंक यानी 0.41% की बढ़त के साथ 7848 के स्तर पर कारोबार करता दिखा. वहीं जापान का निक्केई इंडेक्स सबसे ज्यादा उछला और 1887 अंकों यानी 2.98% की तेजी के साथ 65226 के स्तर पर पहुंच गया.

हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स भी 220 अंक यानी 0.86% चढ़कर 25606 के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया. एशियाई बाजारों में यह तेजी ग्लोबल पॉजिटिव संकेतों और कच्चे तेल को लेकर राहत की उम्मीदों के बीच देखने को मिली. इससे पहले 22 मई को अमेरिकी बाजारों में भी मजबूती दर्ज की गई थी. डाउ जोन्स 294 अंक यानी 0.58% चढ़कर 50580 पर बंद हुआ. टेक आधारित नैस्डैक इंडेक्स 51 अंक यानी 0.19% बढ़कर 26344 के स्तर पर पहुंच गया.

वहीं S&P 500 इंडेक्स 28 अंक यानी 0.37% की तेजी के साथ 7473 के स्तर पर बंद हुआ. अमेरिकी बाजारों में निवेशकों का भरोसा बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह ईरान और अमेरिका के बीच संभावित शांति समझौते को माना जा रहा है.

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने हाल ही में दावा किया था कि ईरान के साथ जंग खत्म करने को लेकर समझौता लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आखिरी डिटेल्स पर काम चल रहा है और खाड़ी देशों के नेताओं व इजरायली प्रधानमंत्री से चर्चा के बाद यह डील फाइनल हो सकती है.

ट्रम्प ने यह भी कहा कि समझौते के तहत स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को दोबारा पूरी तरह खोल दिया जाएगा. यह दुनिया का सबसे अहम समुद्री तेल मार्ग माना जाता है, जहां से वैश्विक तेल सप्लाई का करीब 20% हिस्सा गुजरता है. ऐसे में अगर यह रास्ता सामान्य रूप से खुलता है तो क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है. इसी उम्मीद में ग्लोबल बाजारों में खरीदारी बढ़ी और निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत हुआ.

शुक्रवार को सेंसेक्स 232 अंक चढ़कर बंद हुआ था

शेयर बाजार में 22 मई को तेजी रही. सेंसेक्स 232 अंक (0.31%) की तेजी के साथ 75,415 पर बंद हुआ था. निफ्टी में भी 65 अंकों (0.27%) की तेजी रही, ये 23,719 पर पहुंचा था. कारोबार में बैंक और मेटल शेयरों में खरीदारी रही.