Business Desk – Share Market Update : देश भर के पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के नतीजों के बीच शेयर बाजार में आज (4 मई) जो हफ्ते का पहला ट्रेडिंग दिन है. तेजी देखने को मिल रही है. सेंसेक्स लगभग 1,000 अंकों की बढ़त के साथ 77,850 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. निफ्टी में भी लगभग 300 अंकों की बढ़त हुई है. यह 24,250 के स्तर से ऊपर कारोबार कर रहा है.

सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 में बढ़त देखने को मिल रही है, जबकि 7 में गिरावट दर्ज की जा रही है. मारुति, हिंदुस्तान यूनिलीवर और अडानी पोर्ट्स जैसे शेयरों में 4% तक की बढ़त देखी जा रही है. इस बीच, निफ्टी के सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो मीडिया सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टरों में तेजी का रुख देखने को मिल रहा है. ऑटो, FMCG, मेटल, फार्मा, पब्लिक सेक्टर बैंक और रियल्टी जैसे सेक्टरों में लगभग 2% तक की बढ़त देखने को मिल रही है.

एशियाई बाज़ारों में आज तेजी का रुख देखने को मिला. दक्षिण कोरिया का KOSPI 282 अंकों (4.28%) की बढ़त के साथ 6,881 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं, जापान का Nikkei 228 अंकों (0.38%) की बढ़त के साथ 59,513 के स्तर पर कारोबार कर रहा था.

हांगकांग का Hang Seng भी 443 अंकों (1.73%) की बढ़त के साथ 26,219 के स्तर पर पहुँच गया, जिससे एशियाई बाजारों में सकारात्मक माहौल बना रहा. इसके विपरीत, 1 मई को अमेरिकी शेयर बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला.

Dow Jones 152 अंकों (0.31%) की गिरावट के साथ 49,499 के स्तर पर बंद हुआ. हालाँकि, Nasdaq 222 अंकों (0.89%) की बढ़त के साथ 25,114 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि S&P 500 इंडेक्स 21 अंकों (0.29%) की बढ़त के साथ 7,230 के स्तर पर बंद हुआ.

पिछले हफ्ते गुरुवार, 30 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स 583 अंक (0.75%) गिरकर 76,913 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी भी 180 अंक (0.74%) गिरकर 23,998 पर आ गया.

दिन के ट्रेडिंग सत्र के दौरान IT सेक्टर में सबसे ज़्यादा खरीदारी देखने को मिली, जबकि मेटल और पब्लिक सेक्टर बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली दर्ज की गई.