अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के काहिरी बांध के पास ग्राम लसुडिया खास स्थित नगरपालिका के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में भारी लापरवाही सामने आई है, जहां 48 घंटे के भीतर दो बार क्लोरीन गैस का जहरीला रिसाव हुआ। बिना किसी पूर्व सूचना के प्लांट में गैस न्यूट्रलाइज करने की प्रक्रिया के दौरान फैले इस जहर से दर्जनों ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई, जबकि कई किसानों की लाखों की फसलें जलकर बर्बाद हो गईं।

दो बार गैस रिसाव और ग्रामीणों की बिगड़ी हालत

पहली घटना 8 सितंबर की रात को हुई थी, जब सिलेंडर से गैस लीक होने पर आसपास के लोगों को चक्कर, बेचैनी और आंखों में जलन की शिकायत हुई थी। उस समय नगरपालिका ने स्थिति सामान्य होने का दावा किया था, लेकिन 10 सितंबर को दोबारा गैस का बड़ा रिसाव हो गया। प्लांट के सामने से गुजरने वाले और आसपास रहने वाले प्रेमजी, अनमोल, रामसभा बाई, केसर सिंह, रीना, मयंक और अभिषेक सहित कई ग्रामीण गंभीर रूप से खांसी, एलर्जी और सांस की तकलीफ की चपेट में आ गए। कई लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद वे लौटे, जबकि कुछ का अभी भी इलाज जारी है।

किसानों की फसलें तबाह और बरसों पुराने सिलेंडर

ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं का आरोप है कि नगरपालिका की तकनीकी टीम ने बिना कोई सूचना दिए लीकेज सिलेंडर को एक पानी के गड्ढे में छोड़ दिया था, जिससे भारी मात्रा में गैस वायुमंडल में फैल गई। इस जहरीली गैस के प्रभाव से किसानों के खेतों में लहलहाती सोयाबीन, तुअर और मक्के की फसलें झुलसकर पूरी तरह बर्बाद हो गईं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि प्लांट पर करीब 10 साल से क्लोरीन गैस के तीन लावारिस और अनुपयोगी सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें एक-एक सिलेंडर में करीब 600 किलो गैस भरी हुई थी।

प्रशासन की कार्रवाई और लीपापोती

हादसे के बाद हरकत में आए नगरपालिका प्रशासन ने नागदा (उज्जैन) की ग्रासिम केमिकल कंपनी की टेक्निकल टीम को बुलाया। टीम ने सीहोर के विभिन्न वाटर ट्रीटमेंट प्लांटों से कुल 6 खतरनाक सिलेंडरों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें प्लांट से बाहर निकाला। नगरपालिका सीएमओ सुधीर सिंह ने स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही है, लेकिन स्थानीय लोग प्रशासनिक लापरवाही और बिना सूचना के गैस ट्रीटमेंट करने वालेि जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई और फसल नुकसान के मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m