कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के शीतला माता मंदिर हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिवारों के लिए नगर निगम परिषद ने बड़ा फैसला लिया है। मृतकों के प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को नगर निगम में आउटसोर्सिंग पर नौकरी दी जाएगी। परिषद अध्यक्ष मनोज सिंह तोमर ने सदन में सभी सदस्यों की सहमति से यह निर्णय सुनाया। साथ ही पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देने की बात भी कही गई है।
READ MORE: इंडिया केम-2026:मध्यप्रदेश जल्द ही बनेगा रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग में अग्रणी राज्य- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
शीतला माता मंदिर में नवरात्रि मेले के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में कई लोगों की असमय मृत्यु पर नगर निगम परिषद के विशेष सम्मेलन में शोक प्रस्ताव रखा गया। नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, मेयर-इन-काउंसिल सदस्य अवधेश कौरव, उपनेता सत्तापक्ष मंगल यादव और पार्षद मनोज राजपूत ने हादसे पर शोक व्यक्त किया। शोक प्रस्ताव पर चर्चा के बाद नगर निगम अध्यक्ष मनोज सिंह तोमर ने फैसला सुनाया कि हादसे में जिन परिवारों ने अपने सदस्यों को खोया है, उन सभी परिवारों के एक-एक सदस्य को नगर निगम में आउटसोर्सिंग पर नौकरी दी जाएगी।
READ MORE: ‘अतिथि ऐप’ से होगी डिजिटल चेकिंग: होटल में कमरा लेने से पहले पहचान की जांच, बारकोड स्कैन करते ही खुलेगी कुंडली
परिषद अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी। निर्णय के बाद सदन में मौजूद सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। शीतला माता मंदिर हादसे के पीड़ित परिवारों के लिए नगर निगम परिषद का यह फैसला राहत की एक पहल है। अब देखना होगा कि नौकरी देने की प्रक्रिया कब और किस तरह पूरी की जाती है। फिलहाल नगर निगम परिषद की बैठक 23 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

