कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शीतला माता मंदिर हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत और दो दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने के बाद अब ट्रामा सेंटर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल के मुख्य गेट पर ग्रीन कार्पेट बिछाने और अचानक सफाई अभियान चलाने को लेकर कांग्रेस ने निशाना साधा है। सवाल है -जब अस्पताल में जिंदगी बचाने की जद्दोजहद चल रही थी, तब ये तैयारियां किसके लिए थीं? ऐसे में सवाल उठा रहा है कि सम्वेदनाओं पर ऐसा क्या हुआ भारी?,किसके लिए ग्रीन कार्पेट बिछाने की थी तैयारी?

शीतला माता मंदिर हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। हादसे में 15 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हुई,जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए। इस बीच ट्रामा सेंटर में सफाई अभियान चलाने, मुख्य गेट के सामने गड्ढे भरने और ग्रीन कार्पेट बिछाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।ट्रामा सेंटर के अंदर से लेकर बाहर तक सफाई की गई। मुख्य गेट पर ग्रीन कार्पेट भी बिछाया गया। इसी को लेकर अब अस्पताल प्रबंधन की तैयारियों और प्राथमिकताओं पर सवाल उठ रहे हैं।

महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष ज्योति सिंह ने अस्पताल प्रबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसकी संवेदनाएं मर चुकी हैं। उनका कहना है कि नेताओं के दौरे की सूचना मिलते ही सफाई कराई गई,गड्ढे भरवाए गए और यहां तक कि ग्रीन कार्पेट भी बिछा दिया गया,कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह ग्रीन कार्पेट महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे को देखते हुए बिछाया गया। हालांकि, यह कांग्रेस का आरोप है।

दूसरी ओर, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि हादसे के बाद देर रात से लगातार एम्बुलेंस और स्ट्रेचर की आवाजाही के कारण मुख्य गेट के सामने गड्ढे हो गए थे। प्रबंधन के मुताबिक, इन गड्ढों से किसी को चोट न पहुंचे, इसलिए ग्रीन कार्पेट बिछाया गया। साथ ही गड्ढों को प्लास्टर कर भरवाया गया।

एक तरफ हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिवारों का दुख है, तो दूसरी तरफ ट्रामा सेंटर की तैयारियों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। सवाल सिर्फ ग्रीन कार्पेट का नहीं,बल्कि यह भी है कि आपदा के वक्त अस्पताल की प्राथमिकता क्या होनी चाहिए। क्या व्यवस्थाएं मरीजों और घायलों की सुविधा के लिए थीं या वीआईपी दौरे के मद्देनजर? इस पर अस्पताल प्रबंधन की सफाई और कांग्रेस के आरोपों के बीच जवाबदेही का सवाल कायम है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m