झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि आज नेमरा में मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रतिमा का अनावरण करेंगे और विकास मेला व परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे।


रामगढ़। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि मंगलवार, 4 अगस्त को उनके पैतृक गांव नेमरा (गोला प्रखंड, रामगढ़) में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह 11 बजे शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वे पैतृक आवास पहुंचकर सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार बाबा शिबू सोरेन के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा शहीद सोबरन मांझी की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि देंगे।

विकास मेला और परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नेमरा-लुकैयाटांड मैदान में आयोजित विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं का अवलोकन किया जाएगा और पात्र हितग्राहियों को परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को उनसे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

झारखंड समेत कई राज्यों से पहुंचेंगे समर्थक

पुण्यतिथि कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद, झारखंड आंदोलनकारी और झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इसके अलावा झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों से भी शिबू सोरेन के समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। आदिवासी समाज के लोगों की भी बड़ी भागीदारी रहने की उम्मीद है।

नेमरा और लुकैयाटांड में व्यापक तैयारियां

पुण्यतिथि को लेकर नेमरा और लुकैयाटांड में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। गोला चौक से नेमरा तक सड़कों के किनारे श्रद्धांजलि बैनर और झामुमो के झंडे लगाए गए हैं। पूरे मार्ग पर रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है और कई स्थानों पर जनरेटर लगाए गए हैं।

मुख्य कार्यक्रम स्थल सोना सोबरन प्लस टू हाई स्कूल, लुकैयाटांड मैदान में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा स्थापित की गई है। कार्यक्रम स्थल की दीवारों को पारंपरिक सोहराय पेंटिंग से सजाया गया है तथा हजारों लोगों के बैठने के लिए लगभग 400 फीट लंबे जर्मन हैंगर पंडाल का निर्माण किया गया है।

हेलिपैड, पार्किंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल के पास हेलिपैड तैयार किया गया है। वीआईपी और आम लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्था भी प्रशासन ने सुनिश्चित की है।

अधिकारियों ने संभाली तैयारियों की कमान

कार्यक्रम की तैयारियों की निगरानी उत्तरी छोटानागपुर के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, डीआईजी अंजनी कुमार झा, उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुणायत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी लगातार कर रहे हैं। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एक साल में बदली नेमरा की तस्वीर

शिबू सोरेन के निधन के बाद नेमरा और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज गति मिली है। गांव में नई सड़कें, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, स्वास्थ्य सुविधाएं, सिंचाई व्यवस्था, तालाबों का जीर्णोद्धार, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, धुमकुड़िया भवन, रोजगार प्रशिक्षण केंद्र और पेयजल परियोजनाओं पर तेजी से काम हुआ है।

नेमरा में बीएसएनएल, जियो और एयरटेल के मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं। दो लाख लीटर क्षमता की जलमीनार का निर्माण जारी है। 50 बेड के अस्पताल, उपस्वास्थ्य केंद्र, कृषि सिंचाई, लाह की खेती के प्रशिक्षण और ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास से गांव अब आदर्श ग्राम बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।