परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक हैरान कर देने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ युवाओं को कृषि और स्वरोजगार का प्रशिक्षण देने वाले एक जिम्मेदार सरकारी अधिकारी को अपने ही दफ्तर से स्मैक बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। पुलिस और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राचार्य के कब्जे से स्मैक की पुड़िया (टिकट) बरामद की हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि कृषि विस्तार एवं प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण चौरसिया अपने शासकीय कार्यालय को ही नशे का अड्डा बनाकर वहां से अवैध रूप से स्मैक की सप्लाई कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक होते ही एसडीएम शिवपुरी और कोतवाली पुलिस टीम ने अचानक कार्यालय परिसर में दबिश दी।

14 स्मैक टिकट बरामद 

अधिकारियों की मौजूदगी में की गई छापेमारी के दौरान मौके से 14 स्मैक टिकट (पुड़िया) बरामद की गईं। इस शर्मनाक कृत्य के सामने आने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी प्राचार्य लक्ष्मी नारायण चौरसिया के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, विधिक प्रक्रिया के तहत पुलिस ने आरोपी को नोटिस थमाकर फिलहाल छोड़ दिया है।

उठे गंभीर सवाल

सरकारी दफ्तर से खुलेआम नशे का कारोबार संचालित होने की खबर से पूरे शिवपुरी जिले और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद कृषि विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जब प्रशिक्षण देने वाले जिम्मेदार अधिकारी ही युवाओं को नशे की गर्त में धकेल रहे थे, तो संबंधित विभाग अब तक क्या कर रहा था?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m