परवेज खान,शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भदैया कुंड से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दशहरा के दिन एक पति ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर अपनी पत्नी और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक की बेल्ट से जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसके चलते महिला अपने मायके में रह रही थी। दशहरा पर्व के दिन पति अपने चचेरे भाई के साथ भदैया कुंड पर्यटन स्थल पर पहुंचा। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी को वहां एक अन्य युवक के साथ देख लिया। पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखकर पति का गुस्सा फूट पड़ा और दोनों के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया।
बेल्ट से की पिटाई, वीडियो हुआ वायरल
विवाद इतना बढ़ा कि पति और उसके चचेरे भाई ने मिलकर बेरहमी से पत्नी और उसके साथ मौजूद युवक की बेल्ट से पिटाई कर दी। पर्यटन स्थल पर हुई इस मारपीट का किसी ने वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद पीड़िता पत्नी ने थाने पहुंचकर अपने पति और उसके भाई के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वीडियो और पीड़िता के बयों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

