परवेज खान, शिवपुरी। नरवर किले से सात दिन पहले चोरी हुई करीब 300 साल पुरानी ऐतिहासिक तोप का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जांच के तार राजस्थान के करौली जिले से जुड़ने के बाद शिवपुरी पुलिस की टीम वहीं डेरा डाले हुए है और लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

शिवपुरी पुलिस को संदेह है कि चोरी गई तोप को करौली जिले में कहीं छिपाया गया है। इसी आधार पर करौली पुलिस के सहयोग से हिंडौन क्षेत्र के गांव बीगोली मीणा में बड़ा संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

इस अभियान में करीब 50 पुलिसकर्मी शामिल रहे। जेसीबी मशीन, मेटल डिटेक्टर और खुदाई के जरिए कई संभावित स्थानों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन पुलिस को चोरी गई तोप का कोई सुराग नहीं मिला।

हालांकि पुलिस अपने एक्शन प्लान और जांच की रणनीति को लेकर पूरी तरह गोपनीयता बनाए हुए है और मीडिया के सामने ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर रही है। मामले को लेकर जब ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना से सवाल किए गए तो उन्होंने जांच से जुड़े बिंदुओं पर खुलकर कुछ नहीं कहा, लेकिन भरोसा दिलाया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचेगी और मामले का खुलासा किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m